परंपरागत रूट रोके जाने से बनी भगदड़ की स्थिति, लाठीचार्ज और गिरफ्तारी पर उठे सवाल
रामगढ़ में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान पुलिस की कार्रवाई ने हिंदू संगठनों में रोष उत्पन्न किया है। पुलिस द्वारा जुलूस के डीजे जब्त करने और श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज के कारण विभिन्न संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। हिंदू रक्षा दल ने इसे सनातन संस्कृति पर हमला बताया है और प्रशासन से निर्दोष युवकों की रिहाई की मांग की है।

रामगढ़, निज प्रतिनिधि। पिछले दिनों रजरप्पा थाना क्षेत्र में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त है। पुलिस की ओर से विसर्जन जुलूस के डीजे जब्त करने और श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज किए जाने की घटना पर विभिन्न संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने इस कार्रवाई को सनातन संस्कृति पर कुठाराघात बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है। दीपक मिश्रा ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि वर्षों से चले आ रहे परंपरागत और तय विसर्जन मार्ग को पुलिस की ओर से अचानक अवरुद्ध करना ही भगदड़ जैसी स्थिति की मुख्य वजह बना।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई के बाद 14 हिंदुओं की गिरफ्तारी से शहर का माहौल खराब हो सकता है और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि बिना जांच और सबूत के गिरफ्तार किए गए सभी निर्दोष युवकों को अविलंब रिहा किया जाए और जो वास्तव में दोषी हैं, उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही दीपक मिश्रा ने घटना में घायल पुलिसकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर पत्थरबाजी करने वालों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष श्रद्धालुओं को निशाना बनाना उचित नहीं है। वहीं हिंदू जागरण मंच रामगढ़ के जिलाध्यक्ष सत्यजीत चौधरी ने कहा कि शुकरीगढ़ा में सरस्वती विसर्जन का रूट और स्थान वर्षों पहले से निर्धारित है। पुलिस की ओर से जुलूस को परंपरागत मार्ग से रोकने का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने पत्थरबाजी की, जिसकी निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिशोध में बिना जांच श्रद्धालुओं पर लाठीचार्ज करना और सरस्वती माता की प्रतिमा वाली गाड़ी व डीजे जब्त करना निंदनीय है। दोनों संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि एकतरफा कार्रवाई जारी रही तो इससे शहर की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन पर होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




