
झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, रामगढ़ की ओर से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर आयोजित
रामगढ़ में रविवार को 'नेशनल डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट 4.0' अभियान के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। पेंशनरों ने अपने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा किए। शिविर में डिजिटल प्रमाण पत्र बनाने के लिए आवश्यक दस्तावेज लाना अनिवार्य था। जिला अध्यक्ष ने सभी प्रखंडों में ऐसे शिविरों का आयोजन करने का आग्रह किया।
रामगढ़, निज प्रतिनिधि। भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार चल रहे “नेशनल डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट 4.0” अभियान के तहत झारखंड पेंशनर कल्याण समाज, रामगढ़ जिला इकाई की ओर से अनुमंडल कार्यालय परिसर में रविवार को एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में पेंशनरों ने भाग लेकर अपने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा किए। शिविर का संचालन सोमनाथ सिंह चौहान के सहयोग से किया गया। पेंशनरों को डिजिटल प्रमाण पत्र बनवाने हेतु पीपीओ बुक नंबर, आधार कार्ड और बैंक खाता नंबर साथ लाना अनिवार्य बताया गया। जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने जानकारी दी कि अब सभी बैंक भी केवल डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र ही स्वीकार कर रहे हैं।

उन्होंने जिले के सभी प्रखंड पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने प्रखंडों में पेंशनरों की सुविधा हेतु ऐसे शिविरों का आयोजन करें, ताकि सभी पेंशनर समय पर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकें। राज्य पेंशनर कल्याण समाज की ओर से मोबाइल के माध्यम से प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की गई है, जिससे पेंशनर आसानी से घर बैठे यह कार्य कर सकते हैं। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष आशुतोष सिंह, उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, सचिव छोटू लाल मोदी, शिव शंकर मोदी, दिलीप साहा, अशोक गुप्ता, रामप्रसाद महतो, दूधेश्वर महतो, बसंत महतो समेत कई पेंशनर उपस्थित रहे। इस अवसर पर सत्येंद्र प्रसाद ने जिला कार्यालय पहुंचकर पेंशनर समाज की सदस्यता ग्रहण की। उपस्थित पेंशनरों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


