आजसू को रामगढ़ में बड़ा झटका, जिला समिति के कई पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा; जेएमएम में हुए शामिल
रामगढ़ में आजसू पार्टी के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की सदस्यता ग्रहण की। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने पार्टी की नीतियों से असंतोष व्यक्त किया और संगठन में सुधार की मांग की थी। इस घटनाक्रम से नगर परिषद चुनाव पर असर पड़ सकता है।

रामगढ़, निज प्रतिनिधि रामगढ़ जिले की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब आजसू पार्टी के कई पदाधिकारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वाले सभी नेताओं ने बाद में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की सदस्यता ग्रहण कर ली, जिससे जिले की राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। इस्तीफा देने वालों में धर्मेंद्र मिश्रा (जिला सह सचिव), अखिलेश यादव (जिला सह सचिव), प्रेम सिंह (नगर उपाध्यक्ष), अजय पाण्डेय (नगर उपाध्यक्ष), विकास यादव, प्रकाश यादव, हिमांशु गुप्ता, पवन सिंह, विजय कुमार समेत कई अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। इन नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि वे लंबे समय से पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यप्रणाली से असहज महसूस कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि संगठन के अंदर कई बार अपनी बात रखने और सुधार की पहल करने के बावजूद कोई सकारात्मक परिवर्तन नहीं हुआ। अंततः परिस्थितियों से निराश होकर उन्हें सामूहिक इस्तीफा देने का निर्णय लेना पड़ा। इस्तीफे की सूचना सबसे पहले एक सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से सार्वजनिक की गई, जिसके बाद जिले की राजनीतिक गलियारों में चर्चा का दौर शुरू हो गया। इधर, धर्मेंद्र मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “हम लोगों ने घर वापसी की है। अब हम जेएमएम के कार्यकर्ता हैं और पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।” राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सामूहिक इस्तीफे और जेएमएम में शामिल होने से नगर परिषद चुनाव के समीकरणों पर असर पड़ सकता है। खासकर शहरी क्षेत्रों में संगठनात्मक ढांचे में यह बदलाव आगामी चुनावी रणनीतियों को प्रभावित कर सकता है। फिलहाल आजसू पार्टी की ओर से इस घटनाक्रम पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



