सड़क निर्माण को लेकर नए प्रस्ताव तैयार करें : मनीष जायसवाल
रामगढ़ में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में भारतमाला परियोजना, सड़क सुरक्षा और स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की गई। सांसद ने दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही, नए सड़क नेटवर्क के विस्तार पर भी विचार किया गया।

रामगढ़, शहर प्रतिनिधि। सर्किट हाउस रामगढ़ में शुक्रवार को हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें भारतमाला परियोजना सहित रामगढ़, हजारीबाग एवं आसपास के क्षेत्रों से जुड़े सड़क निर्माण, सड़क सुरक्षा एवं जनहित से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ओरमांझी-गोला एवं गोला-जैनामोड़ सड़क कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही एनएच-2, चौपारण क्षेत्र में नाली निर्माण नहीं होने के कारण लोगों के घरों में पानी घुसने एवं सड़क पर जल-जमाव की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर सांसद ने शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त चौपारण में निर्माणाधीन फ्लाईओवर, चौपारण से गोहर तक सिक्स लेन सड़क, तथा कटकमदाग-सुल्ताना से चतरा तक सड़क के वाइडनिंग एवं स्ट्रेंथनिंग कार्य की प्रगति का भी समीक्षा हुआ। साथ ही कोलकाता-वाराणसी भारतमाला परियोजना के अंतर्गत पैकेज संख्या 10, 11 और 12 के कार्य शुरु होने की समय-सीमा पर चर्चा किया गया। मौके पर एनएचएआई की ओर से मुख्य महाप्रबंधक सह क्षेत्रीय अधिकारी मुकुंदा टी. अतरदे, हजारीबाग लोकसभा के सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, परियोजना निदेशक हजारीबाग मनोज पांडेय, परियोजना निदेशक धनबाद धीरज भारती, परियोजना निदेशक रांची एकता कुमारी, एमवीआई रामगढ़, सड़क सुरक्षा से जुड़े पदाधिकारी, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित थे। बैठक में रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल की ओर से जनहित से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया। इस दौरान कुल्ही चौक पर अंडरपास निर्माण, रैयपुरा गांव के समीप सर्विस रोड निर्माण, सोसोखुर्द गांव में अंडरपास निर्माण, तथा महलीडीह गांव के समीप सर्विस रोड निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों की समस्याओं एवं सड़क दुर्घटनाओं की आशंकाओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। जिस पर सांसद मनीष जायसवाल ने एनएचआई के पदाधिकारीयो टीम बनाकर तुरंत निरीक्षण कर आवश्यक करवाई करने का निर्देश दिया। शनिवार को ही टीम निरीक्षण करने पहुंचेगी। रामगढ़-चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान कर गति नियंत्रण, क्रैश बैरियर, साइनबोर्ड, प्रकाश व्यवस्था एवं सीसीटीवी निगरानी जैसे सुरक्षा उपायों को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने नए सड़क नेटवर्क के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। उन्होंने उरीमारी से बड़कागांव होते हुए केरेडारी, टंडवा, सिमरिया चौक, सुल्ताना होते हुए बगरा, चतरा, जोरी, हंटरगंज एवं डोभी तक नई सड़क निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही कोठार चौक से सोसो कला तक फोर लेन सड़क निर्माण तथा उरीमारी से वर्तमान हीरक रोड होते हुए लालपानीय तक फोर लेन सड़क निर्माण को भी प्रस्तावित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। मनीष जायसवाल ने बैठक में स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं जनसुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को आम जनता की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



