
सभी को साथ लेकर चलना हमारी प्राथमिकता : ममता देवी
रामगढ़ की विधायक ममता देवी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा रामगढ़ का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस निर्णय से जिले के कांग्रेसियों में खुशी की लहर है। ममता देवी ने कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं...
रामगढ़, निज प्रतिनिधि। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने रामगढ़ की विधायक ममता देवी को रामगढ़ का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। इस बावत पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने पत्र जारी किया है। विधायक ममता देवी को रामगढ़ जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर जिले के कांग्रेसियों में हर्ष की लहर दौड़ पड़ी है। बताते चले कि जिलाध्यक्ष की दौड़ में जिले के कई वरीय नेतागण शामिल थे। इसके लिए प्रदेश कमेटी की ओर से दावेदारों से आवेदन पत्र लिया गया। पूरे जिले में घूम-घूम कर सभी दावेदारों सहित विभिन्न कार्यकर्ताओं से बात की गई। इसके बाद एक सूची तैयार कर आलाकमान को भेज दिया गया।
पिछले दिनों दिल्ली में मैराथन बैठक हुई। जिसमें झारखंड के प्रत्येक जिलाध्यक्ष के नामों पर अंतिम मुहर लगी। हालांकि दुर्गा पूजा के दौरान ही विधायक ममता देवी के जिलाध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा जोरों पर थी। शनिवार को चर्चा सच्चाई में बदल गई। जिलाध्यक्ष बनने पर उन्होंने हिन्दुस्तान से बात करते हुए कहा कि जिले के सभी कांग्रेसियों को एक माला में पिरोते हुए कंधे से कंधा मिलाकर चलने का काम करेंगे। संगठन को और धारदार बनाया जाएगा। टोला स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक टीम बनाई जाएगी, जो आम लोगों के साथ संपर्क कर कांग्रेस की विचारधारा को पहुंचाने का काम करेगी। साथ ही साथ संगठन आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता से कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए राय ली जाएगी। इधर, विधायक ममता देवी के जिलाध्यक्ष बनाने पर कांग्रेसियों की ओर से बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




