Ramgarh News: शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड में मुख्य सह-साजिशकर्ता गिरफ्तार लूटे गए जेवर और हथियार बरामद
Ramgarh News: रामगढ़ पुलिस ने 21 अप्रैल को हुई बहुचर्चित डकैती के मुख्य सह-साजिशकर्ता शमशेर आलम को गिरफ्तार किया है। उसके साथ 7.65 एमएम का पिस्टल, 22 ज्वेलरी और 160 ग्राम चांदी बरामद की गई। शमशेर आलम के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। डकैती के मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।

Ramgarh News: रामगढ़, एक प्रतिनिधि। रजरप्पा थाना क्षेत्र के चितरपुर स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में 21 अप्रैल को हुई बहुचर्चित डकैती कांड के खुलासे में रामगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि कांड के मुख्य सह-साजिशकर्ता शमशेर आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम का पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल तथा लूटे गए करीब 370 ग्राम सोने जैसे 22 आभूषण और लगभग 160 ग्राम चांदी जैसे नौ आभूषण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डकैती की घटना के बाद मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में 12 जुलाई को शमशेर आलम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर हथियार, लूटे गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। उन्होंने बताया कि शमशेर आलम के खिलाफ रामगढ़, रांची और बोकारो सहित विभिन्न जिलों के थानों में डकैती, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से संगठित अपराध से जुड़ा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कांड में पहले भी कई महत्वपूर्ण कार्रवाई की जा चुकी है। 24 अप्रैल को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए 123 सोने जैसे और 72 चांदी जैसे आभूषण, एक एर्टिगा कार, एक पिस्टल, दो मोबाइल फोन और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। इसके बाद 10 मई को दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जिनकी निशानदेही पर करीब 1350 ग्राम चांदी और 49 ग्राम सोने जैसे आभूषण बरामद किए गए।


