Ramgarh News: रामगढ़ में जल्द बनेगा मेडिकल कॉलेज, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम: इरफान अंसारी
Ramgarh News: रामगढ़ में झारखंड सेवा समिति द्वारा मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द रामगढ़ में मेडिकल कॉलेज खोलेगी। शिविर में 60 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया, जिससे 60 यूनिट रक्त संग्रह हुआ। समिति की पहल की सराहना की गई।

Ramgarh News: रामगढ़, निज प्रतिनिधि झारखंड सेवा समिति की ओर से मंगलवार को नया बस स्टैंड के समीप स्थित छावनी जनरल अस्पताल में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, उपायुक्त ऋतुराज, छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह और सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का संचालन समिति के अध्यक्ष अमित सिन्हा ने किया। आयोजन में रामगढ़ छावनी परिषद, सदर अस्पताल रामगढ़, जमालटा रामगढ़, मेदांता हॉस्पिटल रांची और रामप्यारी हॉस्पिटल का सहयोग रहा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार रामगढ़ में जल्द मेडिकल कॉलेज की स्थापना करेगी, जिससे जिले के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।
इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के अस्पतालों की व्यवस्था में लगातार सुधार कर रही है, जिसका परिणाम है कि अब सरकारी अस्पतालों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने झारखंड सेवा समिति की पहल की सराहना करते हुए युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उपायुक्त ऋतुराज ने रक्तदान शिविर के आयोजन को समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए समिति की सराहना की। छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने कहा कि झारखंड सेवा समिति सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। वहीं सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने भी रक्तदान जैसे जनहितकारी अभियान को समय की आवश्यकता बताया। रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 60 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिससे 60 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह किया गया। शिविर को सफल बनाने में डॉ शरद जैन, डॉ मृत्युंजय, डॉ अनिल सिंह, बलजीत सिंह बेदी, रोहित गुप्ता, श्याम शर्मा, नंदकिशोर प्रसाद गुप्ता, अशोक कुमार महतो, संजय कोयला, मनोज मंडल, अजीत जायसवाल सहित झारखंड सेवा समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


