Ramgarh News: टाटा डीएवी भुइयांडीह में एनसीसी यूनिट एवं कम्युनिकेशन लैब का भव्य उद्घाटन
Ramgarh News: अनुशासन, संचार और सृजनात्मकता की नई उड़ान: टाटा डीएवी भुइयांडीह में एनसीसी यूनिट एवं कम्युनिकेशन लैब का भव्य उद्घाटन वेस्ट बोकारो, निज प्रतिनिधि। टाट

Ramgarh News: वेस्ट बोकारो, निज प्रतिनिधि। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुइयांडीह में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, संप्रेषण कौशल एवं रचनात्मक प्रतिभा को नई दिशा देने के उद्देश्य से एनसीसी यूनिट एवं कम्युनिकेशन लैब के उद्घाटन का समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजेश कुमार, चीफ सीईपी, टाटा स्टील सह-अध्यक्ष एलएमसी, टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल भुइयांडीह, विशिष्ट अतिथि दीपक कुमार, वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी तथा विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय एथलेटिक्स विजेता राजीव रंजन सिंह, वरीय प्रबंधक, खेल विभाग, टाटा स्टील, वेस्ट बोकारो डिवीजन उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या डॉ सोनिया तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत,अभिनंदन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। एनसीसी की वर्दी में सुसज्जित विद्यार्थियों ने अपने अनुशासित एवं गरिमापूर्ण व्यक्तित्व से सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य ने समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया। मुख्य अतिथि राजेश कुमार ने एनसीसी कैडेट्स को एनसीसी कैप पहनाकर विद्यालय की एनसीसी यूनिट का औपचारिक शुभारंभ किया। यह अवसर विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण रहा। विद्यालय में राष्ट्रीय कैडेट कोर यूनिट की स्थापना का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को सैन्य प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और सेवा-भावना जैसे जीवन-मूल्यों का विकास करना है। समारोह का एक अन्य महत्वपूर्ण आकर्षण कम्युनिकेशन लैब का उद्घाटन रहा।मुख्य अतिथि ने कहा कि आज के वैश्विक परिवेश में केवल ज्ञान अर्जित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उस ज्ञान को प्रभावी ढंग से व्यक्त करने की क्षमता भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से कम्युनिकेशन लैब विद्यार्थियों के लिए सीखने, संवाद करने, विचार व्यक्त करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त मंच बनेगी। विशिष्ट अतिथि दीपक कुमार ने विद्यार्थियों को अनुशासन, जिम्मेदारी एवं जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विद्यालय की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी, कम्युनिकेशन लैब और अन्य गतिविधियां विद्यार्थियों को कक्षा की पुस्तकीय शिक्षा से आगे बढ़कर जीवनोपयोगी कौशल, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। समारोह के अंत में विद्यालय की प्राचार्या डॉ सोनिया तिवारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, विशेष अतिथि एवं सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुशासन, संचार-कौशल, रचनात्मकता और चरित्र से संपन्न बनाते हुए उन्हें भविष्य की वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुइयांडीह अपने विद्यार्थियों को स्थानीय परिवेश से वैश्विक मंच तक अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने के लिए निरंतर नए अवसर प्रदान कर रहा है।


