तीन दिनों की लगातार बारिश साबित हो रही आफत
रामगढ़ जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई क्षेत्रों में तबाही मची है। 144.5 एमएम बारिश हुई है, जिससे बिजली और यातायात प्रभावित हुआ है। स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है, जबकि...

रामगढ़, शहर प्रतिनिधि। रामगढ़ जिला में पिछले तीन दिनों से लगातार भारी बारिश जारी है। इसने आसपास के क्षेत्रों में तबाही मचाना शुरु कर दिया है। वर्तमान के 24 घंटे में 144.5 एमएम बारिश की दर्ज हुआ। इस दौरान दामोदर पूरे ऊफान पर दिखा। आसपास के सटे घर जलमग्न हो गए है। वहीं इसका व्यापक असर बिजली पर पड़ा है। शहर में 11 घंटे तक बिजली गुल रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। भारी बारिश के बीच स्कूलों में 21 जून तक छुट्टी घोषित की गई है। इसे लेकर उपायुक्त ने सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों को आदेश जारी किया है।
वहीं शहर की नालियों दर्जनों जगह अवरुद्ध दिखी। गंदा पानी सड़कों पर बदस्तूर बह रहा था। वार्ड पांच में किसी प्रकार जल निकासी सुनिश्चित हो सकी। लेकिन अन्य स्थानों पर जल - जमाव जारी था। इसका असर यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिल रही थी। लघु सिंचाई कार्यालय के समीप का सड़क पूरी तरह से जलमग्न दिखा। बारिश के तीसरे दिन बाजार में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा। करीब 30 - 35 फीसदी दुकानें बंद दिखी। बहुत जरुरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। सभी को बारिश छुटने का इंतजार है। इस बीच दुकानदार काफी निराश दिखे। तीन दिनों की लगातार बारिश से कोठार ओवरब्रीज का लिंक रोड बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ। हाल ही में योजना का उद्घाटन हुआ था। सड़क का मालवा बगल के खेतों में चला गया है। जिसके कारण स्थानीय किसान वहां विरोध करने लगे। किसानों का कहना था कि सड़क की गिट्टी और अलकतरा के कारण अब हमारी खेती नहीं हो पाएगी। सड़क मरम्मतीकरण के लिए पहुंचे मजदूरों को स्थानीय ग्रामीण पहले खेतों की सफाई करने को कह रहे थे। अपनी मांगों को लेकर ग्रामीणों ने सड़क के मरम्मत के काम को रोक रखा है। समाचार लिखे जाने तक समाधान नहीं हो पाया था। तीन दिनों की लगातार बारिश के बीच सैयद कॉलोनी का गार्डवाल टूट गया। इस दौरान नाली का पानी सड़कों पर बहने लगी है। इस कारण आमलोगों का जीना मुहाल हो गया है। खास कर यात्रियों और स्थानीय लोगों को सर्वाधिक परेशानी है। इसे लेकर सैयद कॉलोनी वासियों ने छावनी परिषद रामगढ़ सीईओ को पत्र लिखा है। इसके माध्यम से अविलंब मरम्मती का गुहार लगाया। ताकि स्थानीय वासियों के साथ राहगीरों की परेशानी दूर हो सके। बताया कि लाइप लाइन बिछाने के क्रम में गार्डवाल क्षतिग्रस्त हुआ था। जिसे संवेदक की ओर से ठीक कराने की बात कही गई थी। लेकिन एक पखवारा गुजरने के बावजूद अभी तक ठीक नहीं किया जा सका है। बारिश के दौरान गार्डवाल और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। परिणाम स्वरूप नाली का पानी सड़क पर बह रही है। आने वाली बारिश में परेशानी और बढ़ने की बात कही गई है। इसलिए छावनी परिषद रामगढ़ से अविलंब गार्डवाल मरम्मती करने अनुरोध किया गया। सीईओ को पत्र लिखने वालों में शाहनवाज खान, शौकत अली, मो अबू, मो शाहिद, कैमूल हक, जुबैर आलम, राजा, इमरान आदि शामिल हैं।


