शिवरात्रि पर रामगढ़ में गूंजा आध्यात्मिक संदेश, ब्रह्माकुमारी केन्द्र में राजयोग से आत्मजागृति का आह्वान
रामगढ़ में महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केन्द्र ने भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में समाजसेवी गया प्रसाद राय ने शिव के महत्व पर प्रकाश डाला और राजयोग के माध्यम से आत्मिक मिलन का आह्वान किया।

रामगढ़, निज प्रतिनिधि आने वाले महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केन्द्र, श्री राज कॉम्प्लेक्स, नेहरू पथ स्थित सिद्धेश्वर शिवमंदिर, रामगढ़ कैंट में भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिससे वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। समारोह में मुख्य अतिथि समाजसेवी सह मणिपाल इंटरनेशनल स्कूल, भरेचनगर रामगढ़ के निदेशक गया प्रसाद राय ने कहा कि विकारग्रस्त विश्व के अज्ञान रूपी अंधकार को मिटाकर शिव ही प्रकाश का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि सत्कर्म की सच्ची शिक्षा केवल परमात्मा सदाशिव से ही प्राप्त होती है।
भौतिक ज्ञान के साथ आध्यात्मिक ज्ञान को समान महत्व देना समय की आवश्यकता है। सिद्धेश्वर शिवमंदिर के मुख्य पुजारी पंडित रामप्रवेश पाठक ने कहा कि आध्यात्म का मूल उद्देश्य आत्मा का कल्याण है और ‘शिव’ शब्द स्वयं कल्याण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जैसे महाकालेश्वर शिव ने मानवता की रक्षा के लिए विषपान किया, वैसे ही आज राजयोग के माध्यम से मनुष्य अपने भीतर के काम-क्रोध रूपी विष का नाश कर सकता है। ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी निर्मला बहन ने कहा कि वर्तमान समय में परमपिता शिव मानव जीवन में श्रेष्ठ परिवर्तन का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने सभी को राजयोग अपनाकर जीवन में देवी गुणों को धारण करने और इस शिवरात्रि को आत्मिक मिलन के रूप में मनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने शिव ध्वज से आशीर्वाद प्राप्त किया। केन्द्र पर प्रतिदिन प्रातः 8 से 9.30 बजे और सायं 4.30 से 6.30 बजे तक निःशुल्क राजयोग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। मौके पर अनेक लोग उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


