रामगढ़। योगेंद्र कुमार सिन्हा
2020 का लगभग पूरा साल कोविड-19 से निबटने में ही समाप्त हो गया। इस महामारी के कारण दुनिया, देश के साथ रामगढ़ का विकास भी काफी प्रभावित हुआ। इसके बावजूद महामारी से निबटते हुए जिले में ऐसी कई बड़ी योजनाओं पर काम किया गया, जिसका फायदा जिले भर के लोगों को मिला। जिले में नये ब्लड बैंक की स्थापना, बड़ी संख्या में लोगों के घरों तक नल से पेयजल पहुंचाना, आंगनबाड़ी केंद्रों को मॉडल बनाना, पुलिस आधुनिकीकरण, आम लोगों की सुरक्षा के लिए पैंथर पुलिस का गठन, शहर में जगह-जगह विजलेंस कैमरे की स्थापना के अलावा आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने की दिशा में कई काम किये गए। हिन्दुस्तान वरीय संवाददाता योगेंद्र कुमार सिन्हा ने वर्ष 2020 में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के किये गए मुख्य काम और वर्ष 2021 की योजनाओं के संबंध में संबंधित लोगों से बात की जानिये इन्होंने पिछले साल क्या किया और नये साल में क्या योजना है।
1. रामगढ़ विधानसभा ममता देवी :
2020 का काम : वर्षों पुरानी मांग जिले में ब्लड बैंक की स्थापना, कोविड काल में प्रवासी मजदूरों की सुरक्षित वापसी, कोविड काल में जरूरतमंदों को खाद्यय सामग्री उपलब्ध कराना, खुद से मास्क सिलकर लोगों के बीच बांटना
2021 का लक्ष्य : फ्लाई ओवर बनाकर गोला के लोगों को जाम से मुक्ति दिलाई जाएगी, वहीं भैरवी जलाशय के नहर को चालू करावाकर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा। दलित, आदिवासी और पिछड़े आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सरकारी योजना का लाभ देना।
2. डीसी रामगढ़, संदीप सिंह :
2020 का काम : कोविड चुनौती से सफलता पूर्वक निबटे। डीएमएफटी मद से पेयजल आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण में कई योजनाओं पर काम किया गया। कई मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों बनाए गए जिससे पोषण की समस्या का निराकरण हो। घर-घर नल शुरू करने की दिशा में बड़ी संख्या में पेयजल योजना शुरू की गई।
2021 का लक्ष्य : नये साल में हर घर नल योजना के लिए हर हाल में योजना की शुरूआत करना, पीडीएस, पेंशन, प्रमाण पत्र जैसी योजनाओं से कोई जरूरतमंद वंचित न रहे इसके लिए अभियान चलाकर इसे पूरा करना। नये साल में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।
3. एसपी रामगढ़ प्रभात कुमार :
2020 का काम : कोविड की चुनौतियों के बीच जान जोखिम में डालकर पुलिस काम की। पुलिस का मानवीय चेहरा सभी ने देखा। बेहतर काम का ही परिणाम रहा कि कोई भी बड़ी अपराधिक घटना नहीं हुई। पुलिस जिला मुख्यालय से लेकर थाना और ओपी में आधुनिकीकरण के तहत कंप्यूटर, प्रिंटर समेत अन्य सुविधाएं बहाल की गई। जिला बनने के बाद पहली बार थान में पड़े स्क्रैप का हटाकर साफ-सफाई की गई। जिले में करीब 40 सर्विलांस कैमरे लगाए गए।
2021 का लक्ष्य : रामगढ़ जिले का अपना पुलिस लाइन बनवाना, जिले में करीब 60 अतिरिक्त सर्विलांस कैमरे लगाना, इसके अलावा अपराधमुक्त जिला रहे इस पर फोकस रहेगा।