Ramgarh News: गैस पाइपलाइन बिछाने को लेकर ग्रामीणों और कंपनी अधिकारियों में टकराव
Ramgarh News: बरकाकाना ओपी क्षेत्र के मौजा बुजुर्ग जमीरा में गैस पाइपलाइन बिछाने को लेकर ग्रामीणों और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के बीच विवाद हो गया है। ग्रामीणों ने जबरन काम कराने, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका भी दायर की गई है।

Ramgarh News: बरकाकाना, निज प्रतिनिधि। बरकाकाना ओपी क्षेत्र के मौजा बुजुर्ग जमीरा में गैस पाइपलाइन बिछाने को लेकर ग्रामीणों और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों व कर्मियों के बीच विवाद हो गया। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए बरकाकाना थाना में शिकायत देने की बात कही है। ग्रामीणों ने कंपनी के अधिकारी आफताब आलम एवं अन्य कर्मियों पर निजी रैयती कृषि भूमि पर जबरन पाइपलाइन का काम कराने, अभद्र व्यवहार करने और धमकी देने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी जमीन पर रैयतों की सहमति और ग्रामसभा की अनुमति के बिना पाइपलाइन बिछाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस मामले को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका भी दायर की गई है, जो वर्तमान में विचाराधीन है। इसके बावजूद सोमवार को कंपनी के अधिकारी व कर्मी कार्य कराने के लिए बुजुर्ग जमीरा पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य रोकने का अनुरोध करने पर कंपनी कर्मियों की ओर से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकी दी गई। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने, रैयती भूमि पर जबरन कार्य नहीं कराने और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है.
कंपनी ने कहा- कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट
वहीं, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारी आफताब आलम ने ग्रामीणों के आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि बुजुर्ज जमीरा में गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रस्तावित है। इसी सिलसिले में सोमवार को वे अपने कर्मियों के साथ बुजुर्ग जमीरा स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे थे। वहां ग्रामीणों से बातचीत की जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा कंपनी के कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद कर्मचारियों में भय की स्थिति बनी हुई है।

