ग्रामीणों को दी गयी डिजिटल ठगी से बचाव और मुफ्त कानूनी सलाह सहित अन्य जानकारियां
पतरातू, निज प्रतिनिधि। पतरातू प्रखंड अंतर्गत कटिया पंचायत भवन व मुखिया आवासीय कार्यालय में कॉमन सर्विस सेंटर एवं डेल लर्निंग लिंक फाउंडेशन के स

पतरातू, निज प्रतिनिधि। पतरातू प्रखंड अंतर्गत कटिया पंचायत भवन व मुखिया आवासीय कार्यालय में कॉमन सर्विस सेंटर एवं डेल लर्निंग लिंक फाउंडेशन के सोलर कम्युनिटी हब कार्यक्रम के तहत डिजिटल सुरक्षा, डिजिटल साक्षरता एवं टेली-लॉ सेवा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, महिलाएं एवं युवा शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराध एवं डिजिटल ठगी से सतर्क करना था। इस दौरान लोगों को फर्जी फोन कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन सरकारी सेवाओं तथा इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी टेली-लॉ सेवा की विस्तृत जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि टेली-लॉ सेवा भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से वर्ष 2017 में शुरू की गई एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य गांव एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक आसान एवं सस्ती कानूनी सहायता पहुंचाना है। इस सेवा के माध्यम से आम नागरिक कॉमन सर्विस सेंटर के जरिए अनुभवी अधिवक्ताओं एवं कानूनी विशेषज्ञों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग अथवा फोन कॉल के माध्यम से सीधे जुड़ सकते हैं। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि टेली-लॉ प्लेटफॉर्म पर देश के विभिन्न राज्यों में अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वालंटियर्स की टीम कार्य कर रही है, जो जरूरतमंद लोगों को कानूनी परामर्श प्रदान करती है। इस सेवा के माध्यम से जमीन विवाद, पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, महिला अधिकार, श्रमिक समस्याएं, पेंशन, साइबर अपराध, दस्तावेज़ संबंधी समस्याएं पर परामर्श दिया जाता है। मुखिया किशोर कुमार महतो ने कहा कि टेली-लॉ सेवा खासकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है, क्योंकि अब उन्हें कानूनी सलाह लेने के लिए शहरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। पंचायत स्तर पर मौजूद सीएससी केंद्रों के माध्यम से लोग आसानी से इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


