जुडको अधिकारियों ने दामोदर तट का किया निरीक्षण
रामगढ़ के दामोदर नदी तट पर निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का शनिवार को निरीक्षण किया गया। यह प्लांट शहर की पेयजल समस्या और नदी के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए महत्वपूर्ण है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की गई और परियोजना को मार्च-अप्रैल 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया गया।

रामगढ़, राहुल सिंह। दामोदर नदी तट पर निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कार्यों का शनिवार को झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी के अधिकारियों की उच्चस्तरीय टेक्निकल टीम ने स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान इंटेक वेल, फाउंडेशन और सिविल स्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। जुडको अधिकारियों ने निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की जांच करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस निर्माण को शहर की पेयजल समस्या और दामोदर नदी के बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वर्तमान में रामगढ़ शहर और आसपास के क्षेत्रों से निकलने वाला घरेलू एवं नालों का गंदा पानी बिना किसी शोधन प्रक्रिया के सीधे दामोदर नदी में गिर रहा है।
इसके कारण नदी का जल लगातार प्रदूषित हो रहा है। जिसका दुष्प्रभाव पर्यावरण, जलीय जीवों और नदी किनारे बसे इलाकों पर पड़ रहा है।अमृत योजना के तहत बन रहा यह वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू हो जाने के बाद दामोदर नदी के पानी को आधुनिक तकनीक से शुद्ध किया जाएगा। इससे एक ओर रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। वहीं दूसरी ओर नदी में जाने वाले प्रदूषित पानी की मात्रा में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।निरीक्षण के दौरान जुडको अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। एजेंसी को तय समय-सीमा के भीतर मार्च-अप्रैल 2026 तक परियोजना को पूरा करने को कहा गया। ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।विशेषज्ञों का मानना है कि वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के चालू होने से दामोदर नदी की जल गुणवत्ता में सुधार होगा और नदी का प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह परियोजना रामगढ़ के सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम उपलब्धि साबित होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




