
गोला में अवैध शराब के विरुद्ध उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई
--गोला के कामता गांव में सघन छापामारी अभियान चलाकर 1500 किलोग्राम जावा महुआ व 70 लीटर महुआ शराब जब्त उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर
गोला, निज प्रतिनिधि। उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर मंगलवार को गोला थाना क्षेत्र के कामता गांव में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त उत्पाद अरविन्द कुजूर के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में दर्जन भर अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए शराब भट्ठी के संचालकों को चिन्हित कर प्राथमिकी दर्ज की गई। अभियान के दौरान शराब भट्ठी से 1500 किलोग्राम जावा महुआ व 70 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त कर उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। उत्पाद विभाग ने जिन लोगों विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसमें कामता गांव निवासी अनूज साव, टिंकू साव, गुजरा उर्फ गुलशन साव, बीतन साव, खखुआ साव, जगदम्ब साव सहित अन्य कई शामिल हैं।
अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धारा 47ए के तहत फरार केस दर्ज किया गया है। सहायक आयुक्त उत्पाद ने बताया कि उपायुक्त को कामता गांव में बड़े पैमाने पर अवैध शराब भट्ठी चलाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद विभाग की ओर से व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। जिसमें विभाग को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी कामता में कई बार अभियान चलाकर शराब भट्ठी को ध्वस्त किया गया है। उन्होंने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, बिक्री व इसमें जुड़े कारोबारियों के खिलाफ विभाग सख्त है। आगे भी इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। छापामारी अभियान में अवर निरीक्षक उत्पाद कांग्रेश कुमार समेत अधीनस्थ उत्पाद बल व प्रतिनियुक्त गृहरक्षक के जवान शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




