
रामगढ़ कॉलेज में बुरका पर प्रतिबंध की मांग तेज, हिंदू रक्षा दल ने उठाई सख्त आपत्ति
रामगढ़ कॉलेज में बुरका पहनकर आने वाली छात्राओं को लेकर विवाद बढ़ गया है। हिंदू रक्षा दल ने कॉलेज प्रशासन से बुरका पहनने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है, जिससे सुरक्षा और पहचान का खतरा उत्पन्न हो सकता है। संगठन ने धार्मिक पहचान आधारित पहनावे को कॉलेज में स्वीकार न करने की अपील की है।
रामगढ़, निज प्रतिनिधि रामगढ़ कॉलेज में बुरका पहनकर आने वाली छात्राओं को लेकर विवाद गर्मा गया है। हिंदू रक्षा दल झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने रविवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कॉलेज प्रशासन पर सवाल उठाए और बुरका पर त्वरित प्रतिबंध की मांग की है। दीपक मिश्रा ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की पहचान वहां लागू ड्रेस कोड से होती है, जो सभी छात्र-छात्राओं में समानता का भाव पैदा करता है। लेकिन रामगढ़ कॉलेज में कुछ छात्राएं बुरका पहनकर आती हैं, जिसे उन्होंने धार्मिक कट्टरता का प्रदर्शन बताया। उन्होंने दावा किया कि बुरका पहनने से पहचान स्पष्ट नहीं हो पाती और कौन व्यक्ति अंदर है, यह पता नहीं चलता।
मिश्रा का कहना है कि इस तरह की स्थिति में सुरक्षा संबंधी खतरे भी उत्पन्न हो सकते हैं और बुरके की आड़ में कोई अनहोनी घटना कॉलेज कैंपस में अंजाम दी जा सकती है। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि धार्मिक पहचान आधारित पहनावा कॉलेज में स्वीकार किया गया, तो भविष्य में हिंदू छात्र-छात्राएं भगवा वस्त्र धारण कर कॉलेज आएंगे, तब प्रशासन के लिए उन्हें रोकना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में किसी भी प्रकार के सांप्रदायिक माहौल को बढ़ावा न देने की अपील की। हिंदू रक्षा दल ने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आदेश जारी करते हुए बुरका पहनकर कॉलेज आने पर प्रतिबंध लगाया जाए। संगठन का कहना है कि शिक्षा संस्थान धर्मनिरपेक्ष माहौल के प्रतीक होते हैं। किसी भी तरह के धार्मिक परिधान से छात्रों में भेदभाव और तनाव की स्थिति बन सकती है। कॉलेज प्रशासन की ओर से इस मामले में अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। खबर पढ़कर भेजी गई है ---------------------------------------------------

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




