
अभिभावकों की सक्रिय भूमिका से ही शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर : विधायक
रामगढ़ के पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय मनुआ में शुक्रवार को विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। विधायक निर्मल महतो ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए अभिभावकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। बैठक में विद्यालय की उपलब्धियों को भी सराहा गया और अभिभावकों को उनके बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी गई।
रामगढ़, निज प्रतिनिधि। पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय मनुआ, मांडू में शुक्रवार को विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मांडू विधानसभा क्षेत्र के विधायक निर्मल महतो ने की। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण अभिभावकों की उपस्थिति रही, जिससे शिक्षा के प्रति समुदाय की जागरूकता स्पष्ट दिखाई दी। इस अवसर पर विधायक निर्मल महतो ने विद्यालय की शैक्षणिक -सह-शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से ही शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार संभव है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई पर निरंतर ध्यान दें और विद्यालय से संवाद बनाए रखें।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय प्रबंधन समिति, प्रधानाध्यापक सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित पूरे विद्यालय परिवार के संयुक्त सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। विधायक का स्वागत झारखंडी संस्कृति के अनुरूप किया गया। उन्हें लोटा पानी, आम पत्ता, चंदन, पुष्प, रंगोली, शाल और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। दीप प्रज्वलन के उपरांत विद्यालय की उपलब्धियों को दर्शाने वाला पेंटिंग युक्त फोटो एल्बम भी भेंट किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एसएमसी सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों को शाल, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह में उत्साह का माहौल बना रहा। बैठक को सफल बनाने में विधायक प्रतिनिधि सरेंद्र साव, दिनेश यादव, महमूद अंसारी, एमडी इस्लाम, दारा बेदिया, कलीम अंसारी, लीला देवी, महेंद्र महतो, पूर्ण चंद, राजकुमार, विवेकानंद, जगन सिंह, सुनीता कुमारी, रेणु कुमारी, स्वागतम, रूबी कुमारी, गीता कुमारी, शबनम आरा, अनीता कुमारी सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




