
नेमरा में शहादत दिवस समारोह आज, डीसी ने किया तैयारियों का निरीक्षण
दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पिता सोबरन सोरेन का शहादत दिवस 27 नवंबर को बरलंगा के लुकैयाटांड़ में मनाया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य नेता शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था की गई है और पंडाल में 20,000 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
गोला, निज प्रतिनिधि। दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पिता व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दादा सोना सोबरन सोरेन का शहादत दिवस 27 नवंबर को बरलंगा के लुकैयाटांड़ में मनाया जाएगा। शहादत दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन सहित कई विधायक, मंत्री, झामुमो नेता व हजारों की संख्या में लोग शिरकत करेंगे और सोबरन सोरेन को श्रद्धांजलि देंगे। कार्यक्रम को लेकर लुकैयाटांड़ में भव्य पंडाल बनाया गया है। जिसमें 20 हजार से अधिक लोगों के बैठने की सुविधा की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल पर मजिस्ट्रेट के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती गई है। तैयारियों का जाएजा लेने के लिए डीसी फैज अक अहमद मुमताज बुधवार को लुकैयाटांड़ पहुंचे। उपायुक्त ने सभा स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। डीसी ने शहादत स्थल, मंच, डी एरिया, हेलीपैड, पार्किंग व्यवस्था, अतिथियों व आम लोगों के बैठने की जगह व यहां की मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। मौके पर उपस्थित अधिकारियों को डीसी ने सभी तरह की सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। --महाजनों ने कर दी थी सोबरन सोरेन की हत्या-- दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पिता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दादा सोबरन सोरेन शिक्षक थे। उनके दौर में जमींदारी प्रथा पूरे क्षेत्र में कायम थी। वे जमींदारी प्रथा का विरोध करते थे। उन्होंने महाजनी शोषण के खिलाफ आवाज उठाते हुए लोगों को गोलबंद करना शुरु कर दी थी। जिसके कारण 27 नवंबर 1957 को जमींदारों ने लुकैयाटांड़ में उनकी हत्या कर दी। घटना के दिन शहीद सोबरन सोरेन हॉस्टल में रह कर पढ़ाई कर रहे अपने पुत्र राजाराम सोरेन व शिबू सोरेन को चावल पहुंचाने के लिए स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान लुकैयाटांड़ में महाजनों ने सोबरन सोरेन की हत्या कर दी थी। उनकी याद में यहां हर वर्ष सोबरन सोरेन का शहादत दिवस मनाया जाता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




