सेप्टिक टैंक में गिरने से बच्चे की मौत, नाना-नानी के घर छठ मनाने आया था आरव
रामगढ़ जिले के बरकाकाना स्थित केंद्रीय कर्मशाला आवासीय कॉलोनी नयानगर में सोमवार को सेप्टिक टैंक में गिरने से 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।...

बरकाकाना (रामगढ़), निज प्रतिनिधि। रामगढ़ जिले के बरकाकाना स्थित केंद्रीय कर्मशाला आवासीय कॉलोनी नयानगर में सोमवार को सेप्टिक टैंक में गिरने से 6 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। रामगढ़ निवासी आरव अपने माता स्नेहा देवी और पिता संदीप राम के साथ नयानगर आवासीय कॉलोनी स्थित अपने नाना रतन राम के यहां छठ मनाने आया था। सभी परिजन अहले सुबह सियारभुकी नदी छठ घाट पहुंचे। इसके बाद अर्घ्य देने के बाद वापस क्वार्टर (वन बी 38/4) लौट गए। लौटने के बाद नाश्ता कर सभी घर के आंगन में आराम कर रहे थे। आरव भी आंगन में खेल रहा था। अचानक आंखों से ओझल हो गया। लगभग 15 मिनट के बाद नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। आसपास नहीं मिला, तो बरकाकाना ओपी पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद बरकाकना पुलिस भी खोजबीन में जुट गई। सूचना मिलते ही मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष युगेश बेदिया और उपाध्यक्ष मनोज महतो भी मौके पर पहुंचे। लगभग 2 घंटे तक पूरे आवासीय कॉलोनी, बरकाकाना स्टेशन, बस स्टैंड और चौक-चौराहों में खोजबीन की गई। लेकिन आरव कहीं नहीं मिला। इस दौरान कुछ लोग जब आवास के पीछे गए, तो सेप्टिक टैंक में डूबा मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जानलेवा बना आवासीय कॉलोनी का खुला सेप्टिक टैंक : केंद्रीय कर्मशाला नयानगर आवासीय कॉलोनी का खुला सेप्टिक टैंक जानलेवा हो गया है। कॉलोनी के अधिकतर सेप्टिक टैंकों का ऊपरी भाग खुला हुआ है। इसमें हमेशा जानवर डूबते रहते हैं। सेप्टिक टैंक निर्माण में संवेदक ने घोर लापरवाही बरती है। पूरे सीसीएल कॉलोनी में जहां-तहां खुले सेप्टिक टैंक से गंदा पानी बहता रहता है। बदबू से लोग परेशान हैं। शिकायत के बाद भी प्रबंधन ने चुप्पी साध रखा है। आरव की लापता की सूचना क्षेत्र में आग कि तरह फैल गई। बरकाकाना ओपी पुलिस, परिजन और सैकड़ों कॉलोनीवासी बाइक से लगभग दो घंटे तक खोजबीन करते रहे। बाद में वह अपने नाना के आवास के पीछे बने सेप्टिक टैंक में डूबा मिला।
