समारोह खत्म, जिम्मेदारी भी खत्म? 75 लाख के आयोजन के बाद बदहाल पड़ा मयूर स्टेडियम
भुरकुंडा में 27 फरवरी को मयूर स्टेडियम में 68वां खान सुरक्षा सप्ताह समारोह धूमधाम से मनाया गया, जिसमें लगभग 75 लाख रुपये खर्च किए गए। हालांकि, कार्यक्रम के बाद स्टेडियम की स्थिति खराब हो गई है। मैदान में टेंट के कपड़े, टूटे कांच और कीलें बिखरी हुई हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

भुरकुंडा, निज प्रतिनिधि। भुरकुंडा रिवरसाइड स्थित मयूर स्टेडियम में 27 फरवरी को 68वां खान सुरक्षा सप्ताह समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस भव्य आयोजन की मेजबानी सीसीएल के बरका सयाल एरिया ने की थी। समारोह को यादगार बनाने के लिए लगभग 75 लाख रुपये खर्च किए गए। कार्यक्रम तो भव्य रहा, लेकिन आयोजन के बाद स्टेडियम की हालत बदहाल हो गई है। मैदान में जगह-जगह टेंट के कपड़े, रस्सियां, सूख चुकी फूलों की लड़ियां बिखरी पड़ी हैं। इतना ही नहीं, बड़ी-बड़ी कीलें और टूटे कांच के टुकड़े भी मैदान में फैले हुए हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मयूर स्टेडियम क्षेत्र का एकमात्र बड़ा खेल मैदान है, जहां प्रतिदिन सुबह-शाम लोग टहलने आते हैं और बच्चे खेलकूद के लिए आते हैं। लेकिन मैदान में पसरी गंदगी के कारण लोगों ने आना कम कर दिया है। कई लोगों ने तो फिलहाल टहलना ही बंद कर दिया है। स्थानीय निवासी संजय कुमार ने कहा कि मैदान में कील और कांच बिखरे हैं, ऐसे में टहलना भी जोखिम भरा हो गया है। लखन मेहता सीमा देवी ने कहा कि बच्चों को खेलने भेजने में डर लगता है, कहीं उन्हें चोट न लग जाए। बुकुन नायक ने कहा कि सीसीएल को अपनी जिम्मेवारी समझनी चाहिए और स्टेडियम को पहले जैसी स्थिति में करना चाहिए। लोगों ने सीसीएल प्रबंधन से जल्द सफाई अभियान चलाकर मैदान को सुरक्षित बनाने की मांग की है। -- फोटो संख्या भुरकुंडा 02:- खान सुरक्षा सप्ताह समारोह के बाद मयूर स्टेडियम मैदान में पड़ा कचरा
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



