कुजू। निज प्रतिनिधि
कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी के निकट फोरलेन सड़क पर बोलेरो व टाटा बोल्ट ओवरटेक करने के दौरान असंतुलित होकर सड़क किनारे बीस फीट गहरी खाई में गिर गई। इससे दोनों वाहनों पर सवार आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को कुजू ओपी पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में गंभीर रूप से जख्मी सरिया के 40 वर्षीय मंजू देवी व भागीरथ ठाकुर को रांची रेफर किया गया है। बताया गया है कि हजारीबाग से रांची की ओर जा रहे बोलेरो संख्या जेएच 02एस 3719 से ओवरटेक कर आगे निकलने के क्रम में टाटा बोल्ट वाहन संख्या जेएच01बीटी 0276 टकरा गई। इससे तीव्र गति में होने के कारण असंतुलित होकर टाटा बोल्ट सड़क से लगभग बीस फीट नीचे खाई में पलटते हुए जा गिरा। इस दौरान टाटा बोल्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं बोलेरो भी असंतुलित होकर खाई में गिर गया। इससे दोनों वाहनों पर सवार मंजू देवी, भागीरथ ठाकुर, मीरा देवी, सहदेव राय सभी सरिया निवासी, 27 वर्षीय हिमांशु प्रसाद हजारीबाग, 39 वर्षीय अनिल साहनी रांची, 28 वर्षीय सौरभ आंनद रांची व 35 वर्षीय जितेंद्र केदला निवासी घायल हो गए। दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रेफर करने के साथ ही अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल रामगढ़ में किया गया है। कुजू पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क किनारे खाई में गिरे दोनों वाहनों को बाहर निकालकर कब्जे में लिया है।
फोटो कुजू02- कुजू के पैंकी में फोरलेन सड़क किनारे खाई में कूदकर दुर्घाटनाग्रस्त टाटा बोल्ट कार