राज्यसभा चुनावः झारखंड में गठबंधन की दूरियां पाटने की कोशिश, JMM प्रमुख से मिले कांग्रेस के नेता

हिन्दुस्तान, रांची
Follow us on Google News
share

झारखंड में राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर झामुमो और कांग्रेस के बीच बढ़ी दूरियों को पाटने की कोशिश जारी है। रविवार को इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के पर्यवेक्षकों ने झामुमो प्रमुख हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार की घोषणा करने के बाद दोनों दलों के बीच सब ठीक नहीं चल रहा था।

Jharkhand Chief Minister Hemant Soren, centre, meets Bhupesh Bhaghel and Ajay Sharma in Ranchi,

झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के पर्यपेक्षक भूपेश बघेल और अजय शर्मा रांची में कैंप कर रहे हैं। दोनों नेता दो दिनों में दो बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर चुके हैं। गठबंधन में जो दूरियां नजर आ रही थीं, उसे पाटने की कोशिश में हैं और दावा कर रहे हैं कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी प्रणव झा और झामुमो के प्रत्याशी बैद्यनाथ राम की जीत सुनिश्चित होगी। रविवार को भी कांग्रेस के दोनों पर्यवेक्षकों ने सीएम से मुलाकात की।

थोड़ी बहुत शिकायतें होती हैं

कांग्रेस के पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने कहा कि जो गलतफमियां थीं, उसे झारखंड के स्टेट लीडरशीप ने बयानों के माध्यम से क्लियर कर दिया था। जब कई दल साथ चलते हैं तो कई बातें सामने आती हैं, उनका पटाक्षेप कर लिया गया है। मुख्यमंत्री से बातचीत हुई। थोड़ी बहुत शिकायतें होती हैं, वह बातचीत से हल हो जाता है। दोनों सीट हमलोग जीतेंगे। राज्यसभा चुनाव की पुरानी घटनाओं से लोग सबक भी लेते हैं और चिंतित भी होते हैं, लेकिन झारखंड में ऐसा कुछ होने वाला नहीं है।

सभी दल एक साथ

बघेल ने कहा कि राजद विधायकों के वोट भी महागठबंधन के प्रत्याशियों को मिलेगा। सभी दल एक साथ होकर बैठ रहे हैं, चर्चा हो रही है। गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन हैं। कांग्रेस, राजद और भाकपा माले के नेताओं को भी सीएम की ओर से निमंत्रण दिया गया है। भाजपा द्वारा महागठबंधन में क्रास वोटिंग के दावों पर उन्होंने कहा कि भाजपा अब तक उम्मीदवार घोषित नहीं कर पायी है। पहले वह प्रत्याशी घोषित करे उसके बाद कोई भी दावा करे।

अजय शर्मा बोले-कोई इफ-बट नहीं था

कांग्रेस के पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने कहा कि कोई भी इफ-बट नहीं था। सारी चीजें बनाई हुई थीं। कुछ चीजे हो होती हैं, उसे क्लीयर करना होता है। सोमवार को कांग्रेस और झामुमो के प्रत्याशी अपना नामांकन का पर्चा दाखिल करेंगे और दोनों जीत हासिल करने जा रहे हैं।

रवि पीटर ने रास चुनाव से नाम वापस लिया

झारखंड उलगुलान मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष रवि पीटर ने राज्यसभा चुनाव से अपना नाम वापस लेने की घोषणा की है। उन्होंने रविवार को मीडिया से बातचीत में इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि उनकी पहली इच्छा थी कि झारखंड से किसी राजनीतिक दल द्वारा किसी आदिवासी या दलित चेहरे को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया जाए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार घोषित किया गया है। इसे देखते हुए उन्होंने चुनावी मैदान से हटने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस अब स्वतंत्र रूप से अपनी तैयारी करे : झामुमो

झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि कांग्रेस को स्वतंत्र तौर पर अपनी चुनावी तैयारी करनी चाहिए। मीडिया से रविवार को बातचीत में उन्होंने कहा है कि भाजपा जानती है कि उनकी हार अवश्यंभावी है। नैतिक रूप से उसे चुनाम लड़ने का हक नहीं है। झामुमो ने पहले ही कांग्रेस को कहा था कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चुनाव होना है। लेकिन कांग्रेस प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष ने चीजों को सही ढंग से पहचाना नहीं। उन्होंने कहा कि संख्या बल के हिसाब से झामुमो उम्मीदवार की जीत तय है। ऐसे में कांग्रेस को अब स्वतंत्र रूप अपनी तैयारी करनी चाहिए।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें