पीएम मोदी का 10 बार आया फोन, मैंने नहीं उठाया; राज्यपाल बनाए गए नेता ने बताई मजेदार बात
पलामू के सांसद रह चुके बृजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है। उन्होंने खुलासा किया कि पीएम मोदी ने उन्हें 10 बार कॉल किया, लेकिन उन्होंने नहीं उठाया। उन्होंने ऐसा न करने की वजह भी बताई।

झारखंड के पलामू लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार-बार कॉल कर रहे थे, लेकिन नहीं उठा पाए। बाद में बताया गया तो उन्होंने पीएम से बात की। राज्यपाल बनाए जाने पर झारखंड भाजपा के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
पलामू से सांसद रहे चुके ब्रजमोहन राम ने ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने को लेकर खुशी जताई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार की सुबह 10 बार प्राइवेट नंबर से उनके मोबाइल पर फोन आ रहा था, लेकिन नंबर नहीं दिखने से वह कॉल नहीं उठा रहे थे।
पीएम मोदी ने 10 बार कॉल किया
ब्रजमोहन ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बाद में एक निजी नंबर से उन्हें फोन आया। तब बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बात करेंगे। इसके बाद नरेंद्र मोदी ने जोहार कर अभिवादन किया। संगठन की जानकारी ली और बताया कि उन्हें सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है। ब्रजमोहन ने बताया कि दोपहर में उन्हें गृह मंत्री अमित शाह ने फोन किया और बताया कि उन्हें राज्यपाल बनाया जा रहा है। हालांकि तब तक किसी से जानकारी शेयर नहीं करने को कहा गया था।
ब्रजमोहन के अनुभव से ओडिशा को नई दिशा मिलेगी
रांची। पलामू के पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने पर झारखंड भाजपा के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि ब्रजमोहन राम को ओडिशा जैसे महत्वपूर्ण राज्य का राज्यपाल नियुक्त किया जाना झारखंड के लिए गौरव का विषय है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ब्रजमोहन राम अपने अनुभव और मार्गदर्शन से ओडिशा में संवैधानिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
झारखंड के दलित समाज के लिए गौरव- रंजीत राम
मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष सह भाजपा नेता रंजीत राम ने इस नियुक्ति के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। रंजीत राम ने कहा कि ब्रजमोहन राम को राज्यपाल की जिम्मेदारी मिलना झारखंड के दलित समाज के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को राष्ट्रपति से लेकर राज्यपाल जैसे संवैधानिक पदों तक पहुंचाकर सम्मान देने का काम किया है।

