Palamu News: प्रसव के एक घंटे के अंदर स्तनपान अवश्य कराएं : सिविल सर्जन
Palamu News: मेदिनीनगर में शनिवार को विश्व स्तनपान सप्ताह की शुरुआत की गई। मुख्य अतिथि डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक अगस्त से 7 अगस्त तक यह कार्यक्रम जिले भर में मनाया जाएगा। उन्होंने मां के दूध के महत्व और प्रसव के तुरंत बाद स्तनपान करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Palamu News: मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमआरएमसीएच) परिसर में शनिवार को विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि अधीक्षक डॉ अजय कुमार, डीआरसीएचओ डॉ एस के रवि, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ नीलम होरो, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ गौरव विशाल, डॉ अभय कुमार आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि एक अगस्त से 7 अगस्त तक यह पूरे जिले में स्तनपान दिवस मनाया जाएगा। वर्तमान समय में महिलाएं वजन बढ़ जाएगा, मोटा हो जाएंगे जैसे विभिन्न भ्रांतियां और रूढ़िवादी सोच के कारण बच्चे को दूध नहीं पिलाती है ।
जबकि मां का दूध मां और बच्चे दोनों के हित में है। उन्होंने कहा प्रसव के एक घंटे के अन्दर स्तनपान बेहद आवश्यक है। प्रत्येक कार्यक्षेत्र जहां महिलाएं कार्य करती है वहां फीडिंग रूम के लिए वे पहल करेंगे। अधीक्षक डॉ अजय कुमार ने कहा कि मां का दूध पौष्टिक तत्व, एंटी बैक्टरल से परिपूर्ण होता है जो बच्चे के हित में है। इससे बच्चे के रोग प्रतिरोधी क्षमता भी बढ़ती है। 6 महीने तक के बच्चे को केवल मां का दूध पिलाना चाहिए। कार्यक्रम को अन्य वक्ताओं ने कहा स्तनपान कराने से मां को ब्रेस्ट कैंसर का खतरा कम होता है। गांठ नहीं पड़ता है और बच्चे के पर्याप्त दूध मिल जाता है। इसलिए स्तनपान जरूर कराए। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल प्रबंधक सुनीत श्रीवास्तव,डॉ प्रेमचंद, अभिषेक आनंद, डॉ अनूप सहित एएनएम स्कूल की छात्राएं आदि मौजूद रहे।


