
एमएमसी के वार्ड-3 के मतदाता मिले उपायुक्त से
मेदिनीनगर में पलामू के उपायुक्त समीरा एस को वार्ड-3 के 200 मतदाताओं ने नाम स्थानांतरित करने की शिकायत की है। मतदाताओं ने आवेदन देकर बदलाव को रद्द करने की मांग की है, क्योंकि उनका मतदान केंद्र वार्ड-2 से लगभग दो किलोमीटर दूर है, जिससे उन्हें कठिनाई होगी।
मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू की उपायुक्त समीरा एस से मंगलवार को मेदिनीनगर नगर निगम(एमएमसी) के वार्ड-3 के करीब 200 मतदाताओं ने वार्ड-2 में नाम स्थानांतरित कर दिए जाने की शिकायत की है। उपायुक्त को आवेदन देकर बदलाव को रद्द करने की मांग की गई है। प्रभावित मतदाताओं ने उल्लेख किया है कि वे लोग प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र संख्या-3 के मतदाता है। पूर्व में अपने मताधिकार का प्रयोग भाग संख्या 3/1, उत्क्रमित मध्य विद्यालय-निमियां स्थित बूथ में किए हैं। यह वार्ड के मध्य में स्थित होने से सुलभ है। परंतु बीएलओ एवं सुपरवाइजर ने कथित राजनीतिक द्वेष और षड्यंत्र से प्रेरित होकर करीब 200 मतदाताओं का नाम, भाग संख्या 2/2, सुदना के राजकीयकृत मध्य विद्यालय कुम्हार में कर दिया है।
यह स्थान निमियां से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर है जिससे वृद्ध एवं महिला मतदाताओ को को परेशानी होगी। मतदाताओं ने पूर्व के मतदान केंद्र पर नाम नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मतदाता अरूण वर्मा, सावित्री देवी, अंजना देवी, रीना देवी, पुष्पा कुमारी, मनीष कुमार, सोमारी कुंवर, राज कुमार महतो आदि प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




