Palamu News: स्व. प्रेम श्रीवास्तव की जयंती मनाते हुए अर्पित की गई श्रद्धांजलि
Palamu News: मेदिनीनगर में लिला महथा स्मृति न्यास द्वारा स्व. प्रेम श्रीवास्तव की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। चित्रांश समाज ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके सेवा कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर छात्रवृत्ति की शुरुआत की गई, जिसमें 6,000 रुपये पहली छात्रा को दिए गए।

Palamu News: मेदिनीनगर, संवाददाता। लिला महथा स्मृति न्यास के तत्वावधान में रविवार को ज्ञान शंकर सार्वजनिक दुर्गा मंडप में स्व. प्रेम श्रीवास्तव की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में चित्रांश समाज के लोगों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व. प्रेम श्रीवास्तव के व्यक्तित्व और सेवा भावना को याद किया। तैलचित्र पर माल्यार्पण के दौरान सभा का माहौल भावुक हो गया। वक्ताओं ने कहा कि उनकी कमी को पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन सेवा कार्यों के माध्यम से उनके विचारों को जीवित रखा जा सकता है।
सभा में बताया गया कि चित्रांश समाज जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग करता रहा है और अब तक 11 बेटियों की मदद की जा चुकी है। इसी क्रम में इस वर्ष से प्रेम स्मृति छात्रवृत्ति की शुरुआत की गई। पहली छात्रवृत्ति के रूप में 6,000 रुपये सुभाष नंदन सहाय की पुत्री श्रेयांका सहाय को प्रदान किए गए। आयोजकों ने बताया कि आने वाले वर्षों में सहयोग के आधार पर छात्रवृत्ति की राशि को 21 हजार से 51 हजार रुपये तक करने और लाभुकों की संख्या बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। समाज के अजय श्रीवास्तव ने अपने स्कूल में एक जरूरतमंद बच्चे की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा भी की। मौके पर शीला श्रीवास्तव, विलास प्रसाद, विजय कुमार सिन्हा, अरविंद कुमार सिन्हा, स्नेह रंजन श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव, शरद शरण, अमर सहाय, सतीश कुमार, धीरज, रवि समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।


