Palamu News: हत्या प्रयास मामले में दोषी को मिली 10 वर्ष सश्रम कारावास की सजा
Palamu News: मेदिनीनगर में पंडवा थाना के अंतर्गत एक मामले में अदालत ने राहुल प्रसाद को 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। गीता देवी पर आग लगाने का आरोपी पाया गया। घटना 11 जून 2021 को हुई थी। अर्थदंड राशि नहीं चुकाने पर अतिरिक्त कारावास भी दिया जाएगा।

Palamu News: मेदिनीनगर, संवाददाता। पलामू जिला व्यवहार न्यायालय के प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश राजकुमार मिश्रा की अदालत ने हत्या के प्रयास के मामले में पंडवा थाना अंतर्गत चिल्ही बरवाडीह गांव निवासी राहुल प्रसाद को 10 वर्ष की सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 25 हजार रुपये अर्थदंड लगाया है। अर्थदंड की राशि नहीं देने पर तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। इस मामले में पंडवा थाना अंतर्गत चिल्ही बरवाडीह गांव निवासी गीता देवी के फर्द बयान पर राहुल प्रसाद के खिलाफ पंडवा थाना में नामजद प्राथमिकी की गई थी। 13 जून 2021 को पंडवा थाना कांड संख्या 48/2021 में मामला दर्ज किया गया था।
अभियोजन के अनुसार, 11 जून 2021 को शाम करीब सात बजे अभियुक्त ने सूचिका से कहा कि वह उसके साथ रहे। सूचिका के साथ रहने से इनकार करने पर अभियुक्त ने उसे देख लेने की धमकी दी। इसके बाद जब सूचिका सब्जी काट रही थी, उसी समय अभियुक्त ने उसके ऊपर केरोसिन तेल डालकर आग लगा दी। घटना में सूचिका गंभीर रूप से जल गई। उसका इलाज मेदिनीनगर के सदर अस्पताल, में कराया गया। सदर अस्पताल के बर्न वार्ड में पुलिस पदाधिकारी ने सूचिका का फर्द बयान दर्ज किया। इसी आधार पर राहुल प्रसाद के खिलाफ पंडवा थाना में नामजद प्राथमिकी की गई। अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर सत्र वाद संख्या 251/2022 के आरोपी राहुल प्रसाद को हत्या का प्रयास तथा खतरनाक हथियारों या साधनों से गंभीर चोट पहुंचाने का दोषी पाते हुए दोनों धाराओं में 10-10 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दोनों धाराओं में 25-25 हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया। अर्थदंड की राशि नहीं देने पर तीन-तीन माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा। दोनों सजाएं साथ-साथ चलेंगी।

