
बच्चे, अभिभावकों के ही नहीं, देश के भी कर्णधार : उपायुक्त
मेदिनीनगर में पलामू उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में रजवाडीह मध्य विद्यालय में विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक हुई। बैठक में शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चों के माता-पिता को झारखंडी संस्कृति का अंग वस्त्र...
मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में शनिवार को सदर प्रखंड के रजवाडीह मध्य विद्यालय में विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक हुई। जिला शिक्षा अधीक्षक संदीप कुमार ने बैठक का संयोजन किया, जबकि संचालन प्रधानाध्यापक परशुराम तिवारी ने किया। बैठक में उपायुक्त ने शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चों के माता-पिता प्रतिमा देवी, मुकेश साव, सुचिता देवी, रंजु देवी, अखिलेश यादव, नीलम देवी, अरविंद पांडेय, ललिता देवी व सरिता देवी को झारखंडी संस्कृति का अंग वस्त्र देकर सम्मानित भी किया। उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे केवल अभिभावकों के ही नहीं ,बल्कि देश के भी कर्णधार होते हैं।

माता-पिता को बच्चों की पढ़ाई में अपनी भूमिका अवश्य निभानी चाहिए। अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को रोज विद्यालय भेजें तथा घर पर कम से दो घंटे पढ़ने के लिए प्रेरित करें। जिसमें बोलकर पढ़ना भी शामिल हो। निरक्षर अभिभावकों को भी इसे करने में कोई परेशानी नहीं है। अभिभावकों का आह्वान करते हुए कहा कि साल में होने वाले चार पीटीएम के लिए आप समय निकालिए तथा बैठक में माता-पिता दोनों भाग लीजिए। उन्होंने कहा कि वे भी भी सरकारी स्कूल से पढ़ी हैं। इसलिए मन से सरकारी स्कूल के प्रति नकारात्मक विचार निकाल दें। स्कूल परिसर में एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत एक पौधा रोपण भी किया। कक्षावार बच्चों से मिलकर उनकी पढ़ाई का जायजा लिया तथा उनका हौसला अफजाई किया। डीएसइ ने बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार बच्चों की पढ़ाई के लिए हर सुविधा दे रही है। इसे जाया न होने दें। प्रधानाध्यापक परशुराम तिवारी ने कहा कि उपायुक्त के विद्यालय आने से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का मनोबल ऊंचा हुआ है। इस अवसर पर शिक्षक निशा कुमारी, प्रियंका कुमारी,पूनम रानी, शिक्षक विजय कुमार ठाकुर, लैब इंस्टेक्टर अनूप कुमार मिश्रा, समग्र शिक्षा अभियान के एडीपीओ अंबुजा पांडेय, बीपीओ राजीव कुमार सिंह, बीआरपी सत्येंद्र कुमार पाठक समेत 70 से अधिक अभिभावक उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




