मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में ठप है बारालोटा व चैनपुर जलापूर्ति योजना से पानी की सप्लाई

हिन्दुस्तान, पलामू
Follow us on Google News
share

पलामू जिले का मेदिनीनगर 44 डिग्री सेल्सियस के तापमान के कारण गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहा है। पिछले 10 दिनों से जलापूर्ति योजनाएं ठप हैं और लोग बाजार से पानी खरीदने को मजबूर हैं। मेदिनीनगर नगर निगम के महापौर ने जलापूर्ति सामान्य करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में ठप है बारालोटा व चैनपुर जलापूर्ति योजना से पानी की सप्लाई

मेदिनीनगर, संवाददाता। पलामू जिले का पारा 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास करीब 72 घंटे से बना हुआ है। इसके कारण पेयजल की जरूरत प्रत्येक व्यक्ति को शिद्दत से हो रही है। लू की चपेट में आने से बचने के लिए चिकित्सक व प्रशासन लगातार सभी व्यक्ति को अपने शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने की सलाह दे रहे हैं। यहां तक की पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने की अपील कर रहे हैं परंतु पलामू जिला मुख्यालय सिटी मेदिनीनगर का ही बड़ा क्षेत्र पेयजल के लिए तरस रहा है। पिछले दस दिनों से बारालोटा जलापूर्ति योजना से पानी की आपूर्ति ठप है।

नगर निगम क्षेत्र के चैनपुर जलापूर्ति योजना से भी पेयजल की आपूर्ति इनटेक वेल की मरम्मत कार्य के कारण समुचित रूप से नहीं हो पा रहा है। सुदना जलापूर्ति योजना से शहरवासियों को सीधे नदी का पानी आपूर्ति की जाती है परंतु निर्माण के वक्त से ही अनियमितता के कारण समुचित पानी की आपूर्ति नहीं हो पाता है। मेदिनीनगर सिटी के कोर एरिया में जलापूर्ति के लिए जवाबदेह बेलवाटिका का पंपूकल जलापूर्ति योजना में पानी का संकट शुरू हो गया है। कोयल नदी की जलधारा सूखने लगी है जिससे इस योजना का संचालन भी कठिन होने लगा है। पंपुकल जलापूर्ति योजना के सभी इनटेक वेल खराब हो चुके हैं और सीधी नदी से पानी का उठाव कर उसकी सफाई करने के बाद आपूर्ति की जाती है। जुडको की ओर से मेदिनीनगर सिटी में प्रारंभ शहरी जलापूर्ति योजना द्वितीय फेज का काम चल रहा है परंतु पानी की आपूर्ति अबतक शुरू नहीं हो पाई है।मेदिनीनगर नगर निगम की महापौर अरुणा शंकर के अनुसार वे जलापूर्ति सामान्य रखने को लेकर गंभीर हैं। तीन सालों के अंतराल के बाद पुन: उन्होंने समीक्षा की है। भीषण गर्मी के बावजूद किसी भी वार्ड में गंभीर जल संकट की स्थिति नहीं बने। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। नगर निगम के पाइप लाइन इंस्पेक्टर छोटेलाल गुप्ता ने बताया कि बारालोटा जलापूर्ति योजना का इनटेक पाइप लाइन को शिफ्ट करने का काम चल रहा था जिसके कारण 10 दिनों से पानी आपूर्ति ठप था। मंगलवार को शिफ्टिंग काम पूरा कर लिया गया है। चैनपुर जलापूर्ति योजना के इनटेक वेल आदि में भी काम चल रहा था जिसे मंगलवार को पूरा कर लिया गया है। एक-दो दिनों में दोनों जलापूर्ति केंद्र से पानी की आपूर्ति प्रारंभ होने की संभावना है। पंपूकल जलापूर्ति योजना से पानी की आपूर्ति पूरी क्षमता से की जा रही है परंतु नदी की धारा सूखने से संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है।पलामू जिले के अन्य शहरी, कस्बाई और ग्रामीण क्षेत्र में भी जलसंकट गहराने लगा है। पलामू जिले के अन्य शहर यथा विश्रामपुर, हुसैनाबाद, छतरपुर और हरिहरगंज में पाइप लाइन जलापूर्ति की व्यवस्था अप-टू-डेट नहीं हो पाई है। इसके कारण संबंधित निवासियों को वैकल्पिक माध्यम से निर्भर रहना पड़ रहा है। लगातार बढ़ते तापमान के बीच जरूरतभर पानी के लिए सुबह से ही लोगों को परेशानी होना पड़ रहा है। मेदिनीनगर सिटी समेत जिले के सभी प्रमुख शहर व बाजार में मजबूरन लोग बाजार से जार और बोतलबंद पानी की खरीदारी कर काम चला रहे हैं। मेदिनीनगर के अधिकांश घरों में जार खरीदकर पेयजल का लोग उपयोग करते हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsJharkhand NewsPalamu Newsमेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में ठप है बारालोटा व चैनपुर जलापूर्ति योजना से पानी की सप्लाई