सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह शुरू, जागरूकता रथ किया गया रवाना
मेदिनीनगर में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत पलामू समाहरणालय से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ रवाना किया गया। उपायुक्त ने सभी को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूक करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। नए साल के अवसर पर सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी समझने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

मेदिनीनगर, संवाददाता। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत गुरुवार को पलामू समाहरणालय से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को रवाना किया गया। कैलेंडर वर्ष 2025 के पहले जागरूकता रथ को सड़क सुरक्षा के नाम किया गया। इसके माध्यम से सड़क दुर्घटना में कमी लाने के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सभी पक्षों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। पलामू जिले के 135वां स्थापना दिवस पर हरी झंडी दिखाकर सड़क सुरक्षा जागरूकता से संबंधित दो जागरूकता रथ को रवाना करते हुए उपायुक्त समीरा एस, उप-विकास आयुक्त जावेद हुसैन व जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र यादव ने सकारात्मक सहयोग की भूमिका निभाने की अपील की।
उपायुक्त ने इस क्रम में कहा कि नए साल की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का आयोजन एक जनवरी से 31 जनवरी तक किया जा रहा है। इस वर्ष के सड़क सुरक्षा सप्ताह का थीम, सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन, विषय पर आधारित है। उपायुक्त ने पलामूवासियों को नव वर्ष को लेकर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि न्यू ईयर के उपलक्ष्य पर सड़क पर अपनी जिम्मेदारी को और अधिक समझने की आवश्यकता है। ड्रिंक के पश्चात ड्राइव नहीं करना चाहिए। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनुपालन अनिवार्य रूप से करना चाहिए। यातायात नियमों के पालन से सड़क पर सुरक्षा बनी रहती है। उपायुक्त ने विशेषकर युवा वर्ग से अपील की कि जब भी दो पहिया वाहन का प्रयोग करें तो हेलमेट अवश्य पहनें और पूरी सावधानी बरतें। जीवन मूल्यवान है, सड़क दुर्घटनाओं के रोकथाम एवं अपनी सुरक्षा के लिए यातायात के सभी नियमों का पालन बेहद आवश्यक है। उपायुक्त ने कहा कि जागरूकता रथ के माध्यम से आमजनों को सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रथ के माध्यम से जिले के प्रमुख चौराहों, हाट बाजारों पर यातायात नियमों के पालन हेलमेट और सीट बेल्ट के फायदे से संबंधित ऑडियो, विडिओ क्लिप लोगों को सुनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कई अन्य तरह के कार्यक्रम का भी आयोजन किया जायेगा। रथ रवानगी के पूर्व डीसी-डीडीसी एवं डीटीओ ने सड़क सुरक्षा प्रतिज्ञा को लेकर अपना-अपना हस्ताक्षर भी किया। रथ रवाना करने के पश्चात मौके पर मौजूद विभिन्न पदाधिकारियों, कर्मचारियों को रोड सेफ्टी की प्रतिज्ञा भी दिलायी। उपस्थित सभी लोगों ने एक नवीन स्वच्छ एवं स्वस्थ सड़क संस्कृति को विकसित करने की प्रतिज्ञा ली। मौके पर नजारत उपसमाहर्ता नीरज कुमार, रोड सेफ्टी मैनेजर विनीत कुमार आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


