Palamu News: डेढ़ महीने बाद सामान्य हुआ किशुनपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति
Palamu News: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने किशुनपुर क्षेत्र में डेढ़ महीने की बिजली कटौती के बाद बुधवार से बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी। इसकी वजह कृषि कार्यों के कारण लोड बढ़ना और एक पावर ट्रांसफार्मर का जलना था। अब 16 अगस्त से बेहतरी के लिए आवश्यक सुधार कार्य शुरू किए जाएंगे।

Palamu News: मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के मेदिनीनगर डिवीजन अंतर्गत पाटन सब डिवीजन के किशुनपुर क्षेत्र में करीब डेढ़ माह बाद बुधवार से बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई। पाटन सब डिवीजन के सहायक अभियंता विकास कुमार ने बताया कि कृषि कार्य के कारण अचानक लोड बढ़ जाने से सिंगरा में 33 केवी लाइन का तार बार-बार टूटकर गिर रहा था। इसके अलावा, पाटन प्रखंड किशुनपुर क्षेत्र के कुम्हवा पावर सब स्टेशन में पांच मेगावाट का पावर ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण भी बिजली आपूर्ति बाधित थी। जले हुए पावर ट्रांसफार्मर को मंगलवार को बदलकर उस पर लोड दे दिया गया।
इसके बाद किशुनपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई है। उन्होंने बताया कि पाटन, मनातू और तरहसी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को सामान्य करने के लिए मेदिनीनगर के बीसफूटा से अमानत पुल तक करीब चार किलोमीटर लंबी जर्जर 33 केवी लाइन को बदला जाएगा। इसके लिए 16 अगस्त से काम शुरू होगा और इसे 25 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस दौरान पाटन, मनातू और तरहसी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी। 25 अगस्त के बाद इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से बहाल कर दी जाएगी। सहायक अभियंता ने बिजली उपभोक्ताओं से कार्य के दौरान सहयोग करने का अनुरोध किया है। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के मेदिनीनगर डिवीजन अंतर्गत पाटन सब डिवीजन के किशुनपुर क्षेत्र में डेढ़ महीने के बाद बुधवार से बिजली आपूर्ति सामान्य हो गया है। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं को इस दौरान सहयोग करने के लिए अनुरोध किया है।

