होली के बाद काम पर लौटने वालों की ट्रेन और बसों में उमड़ी भीड़

Mar 06, 2026 05:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पलामू
share

होली पर्व के बाद कामकाज के लिए बाहर लौटने वाले लोगों की ट्रेन और बसों में भीड़ बढ़ गई है। डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर यात्री संख्या में अचानक वृद्धि हुई है। रेलवे प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए विशेष व्यवस्थाएँ की हैं और सुरक्षा बढ़ाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

होली के बाद काम पर लौटने वालों की ट्रेन और बसों में उमड़ी भीड़

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। होली पर्व के बाद कामकाज के लिए बाहर लौटने वाले लोगों की भीड़ ट्रेन और बसों में उमड़ पड़ी है। लंबी दूरी की ट्रेनों में रिजर्वेशन लगभग फुल चल रहा है, जिससे यात्रियों को सीट मिलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर भी यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। डाल्टनगंज स्टेशन के स्टेशन मास्टर उमेश कुमार ने बताया कि होली के बाद बाहर काम करने वाले लोगों की वापसी के कारण ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। स्थिति को देखते हुए रेलवे प्रशासन अलर्ट मोड में है और अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि पटना जाने वाली पलामू एक्सप्रेस, बिहार से रांची जाने वाली सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस, दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस तथा कोलकाता से अजमेर जाने वाली साप्ताहिक अजमेर एक्सप्रेस में यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ देखी जा रही है। इसके अलावा पैसेंजर ट्रेनों में भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। स्टेशन मास्टर के अनुसार हर साल की तरह इस वर्ष भी होली के बाद लगभग एक सप्ताह तक ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रहने की संभावना है।लंबी दूरी और पैसेंजर ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए जीआरपी और सीआरपीएफ के सहयोग से स्टेशन परिसर में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके।यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लंबी दूरी की ट्रेनों को स्टेशन पर एक से दो मिनट अतिरिक्त रोका जा रहा है, ताकि सभी यात्री सुरक्षित रूप से चढ़-उतर सकें। वहीं बस स्टैंड पर भी होली के बाद काम पर लौटने वालों की भीड़ देखी जा रही है। बस एसोसिएशन के अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लंबी दूरी की बसों में सीटें फुल हो रही हैं। जब लोकल क्षेत्र में चलने वाली बसो में भीड न के बराबर है।प्रशासन ने यात्रियों से संयम और सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।