Palamu News: पिछले वर्ष जनसंख्या स्थिरता अभियान का लक्ष्य नहीं हुआ था हासिल
Palamu News: पलामू जिला जनसंख्या स्थिरता अभियान-2025 में असफल हुआ। जनसंख्या स्थिरता अभियान-2026 के लक्ष्यों को प्राप्त करना संदिग्ध है। स्वास्थ्य विभाग की अनियमितता और कर्तव्य में लापरवाही के कारण मरीजों की जान खतरे में है। उपायुक्त ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार के निर्देश दिए हैं।

Palamu News: मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। जनसंख्या स्थिरता अभियान-2025 का लक्ष्य हासिल करने में पलामू जिला असफल रहा था। इसके कारण जनसंख्या स्थिरता अभियान-2026 का लक्ष्य हासिल हो पाएगा या नहीं, यह संशय बरकरार है। पलामू जिले में स्वास्थ्य विभाग का हेल्थ रिपोर्ट स्वस्थ्य नहीं आ पा रहा है। मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अक्सर अनियमितता, कर्तव्य के प्रति लापरवाही और मरीजों को इलाज सुलभ कराने के प्रति उदासीनता लगातार सामने आ रही है। जिले के अन्य अस्पतालों में भी यही स्थिति है जिसके कारण गैरकानूनी तरीके से संचालित क्लिनिक के चक्कर में पड़कर मरीज जान गंवा रहे हैं। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गत सात जुलाई को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम सहित आम सुविधाओं में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के आकड़ों का प्रदर्शन
स्वास्थ्य विभाग के आकड़ों के अनुसार गत वर्ष जनसंख्या स्थिरता अभियान के तहत जिले में कंडोम वितरण लक्ष्य का महज 18 प्रतिशत ही पूरा किया जा सका था। गर्भनिरोधक गोलियां वितरण में 43 प्रतिशत, पीपीआईयूसीडी में 56 प्रतिशत, छाया गोली में 16 प्रतिशत तथा इंजेक्टेबल गर्भनिरोधक में 44 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज हो सकी थी। 11 जुलाई 2026 से शुरू हो रहे स्वास्थ्य विभाग अभियान के लिए जिले में 1104 महिला नसबंदी, 74 पुरुष नसबंदी, 2943 कॉपर-टी, 3680 अंतरा इंजेक्शन, 36,151 ओसीपी, 11,175 छाया टैबलेट, 7,94,665 कंडोम तथा 7358 आपातकालीन गर्भनिरोधक गोलियों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसे हासिल करने में संशय बरकरार है।
लक्ष्य प्राप्ति के प्रयास
हालांकि पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी चिकित्सा प्रभारियों को निर्धारित अवधि के भीतर लक्ष्य के अनुरूप परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। लक्ष्य प्राप्ति के लिए अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा साथ ही लोगों से अभियान में सहयोग का आग्रह किया जाएगा। पिछले वर्ष महिला नसबंदी में जिले ने लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 1104 के मुकाबले 1335 नसबंदी किया था । पिछले वर्ष जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जनसंख्या स्थिरता अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार भी नहीं किया जा सका था। परिणाम हुआ कि कई सीएचसी में कंडोम, ओसीपी और इंजेक्टेबल की उपलब्धि कम रही। उन्होंने बताया कि पलामू जिला स्वास्थ्य विभाग ने अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद को 160 तथा सीएचसी बिश्रामपुर को 150 महिला नसबंदी का लक्ष्य दिया है। पुरुष नसबंदी में हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल, सीएचसी बिश्रामपुर, चैनपुर और सदर अस्पताल मेदिनीनगर को 10-10 लक्ष्य दिया गया है। कंडोम वितरण में हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल को 1.15 लाख तथा सदर अस्पताल मेदिनीनगर को 99 हजार का लक्ष्य आवंटित किया गया है।


