Palamu News: सीबीआई जांच की मांग राजनीतिक स्टंट : झामुमो
Palamu News: भाजपा की जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं में अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग पर झामुमो के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रही है और कहा कि जांच प्रक्रिया चल रही है।

Palamu News: मेदिनीनगर। जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा की ओर से सीबीआई जांच की मांग पर झामुमो के पलामू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को विद्यार्थियों के भविष्य की इतनी ही चिंता है तो केंद्र से जुड़ी परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक के मामलों पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने नीट-यूजी पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र से जुड़ी परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर देशभर में सवाल उठे थे। उस समय भाजपा नेताओं ने ऐसी गंभीरता क्यों नहीं दिखाई, जैसी आज झारखंड की परीक्षाओं को लेकर दिखाई जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक हथियार बनाकर राज्य सरकार को घेर रही है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल से जुड़े मामलों की जांच चल रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी। जांच पूरी होने से पहले सीबीआई जांच की मांग राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश है। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है और सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता व निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होनी चाहिए।


