
हरिहरगंज व्यवसाइयों को सुरक्षा और शांति के लिए हुआ विमर्श
हरिहरगंज में पुलिस जवानों ने बाइक से गस्त लगाने का निर्णय लिया है। सरस्वती पूजा के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पुलिस निरीक्षक देवव्रत पोद्दार की अध्यक्षता में व्यापारियों के साथ बैठक की गई, जिसमें कानून व्यवस्था सुधारने पर चर्चा हुई। व्यापारियों को सुरक्षा प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
हरिहरगंज, प्रतिनिधि। पलामू जिले के हरिहरगंज शहरी क्षेत्र में बाइक से पुलिस जवान रोजाना गस्त लगाएगी। सरस्वती पूजा के दौरान भी विशेष सतर्कता बरतेगी। हरिहरगंज थाना परिसर में पुलिस निरीक्षक सह हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार की अध्यक्षता में सोमवार को व्यवसाइयों के साथ बैठक और मंगलवार को छतरपुर के एसडपीओ अवध यादव की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाकर रखने के लिए समुचित पहल करने का निर्णय लिया गया। सरस्वती पूजा को विशेष रूप से ध्यान में रखकर मंगलवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में सीओ मनिष सिन्हा सहित गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।
व्यवसाइयों के साथ सोमवार को हुई बैठक में अपराध, चोरी, छिनतई एवं लूटपाट की घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर चर्चा हुई। वैश्य जागृति मंच के अध्यक्ष गंगा जायसवाल, भोला गुप्ता ने थाना प्रभारी से बाजार क्षेत्र में पुलिस गस्त बढाने, बाजार में अतिक्रमण हटाने एवं मेन रोड में रोजाना लग रहे जाम की समस्या से अवगत कराते हुए निजात दिलाने की मांग की। हरिहरगंज थाना बिहार राज्य सीमा से सटा हुआ है, बड़ी संख्या में बिहार के लोग भी बाजार में खरीदारी करने के लिए आते है। थाना प्रभारी ने कहा कि शहरी क्षेत्र में बाइक से पुलिस के जवान पेट्रोलिंग करेंगे, व्यवसाइयों को पूरी सुरक्षा देना प्रशासन का पहली प्राथमिकता है। व्यवसाइओ को भय मुक्त होकर व्यवसाय करने के लिए प्रेरित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि वे दुकान एवं घरों में सीसीटीवी कैमरा लगवा लें। इससे सभी पक्ष को सहुलियत होगी। अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर भी सख्ती से जांच की बात उन्होंने कही। बैठक में तैलिक साहू समाज के प्रखंड अध्यक्ष विश्वदीप गुप्ता, संजय गुप्ता, जेपी गुप्ता, अशोक जायसवाल, मुखिया उमेश साव, मनीष प्रसाद, शशि गुप्ता, संतोष प्रजापति, चंदन प्रजापति, हरेंद्र सिंह, अजय स्वर्णकार, मनोज शौंडिक, संतोष प्रसाद आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




