
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों में नियमित जनसंपर्क बढ़ाने का दिया निर्देश
मेदिनीनगर में, पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने थाना प्रभारियों को जनसंपर्क बढ़ाने और अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शिकायतों के त्वरित निपटान और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का आदेश दिया। इसके अलावा, अपराध नियंत्रण के लिए सघन वाहन जांच और पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया।
मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित जनसंपर्क में बढ़ोतरी करने, पुलिस की दृश्यता हर हाल में बढ़ाने, अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है। साथ ही हिदायत दी कि आम जनता का भरोसा मजबूत करने पर थाना प्रभारियों के अलावा सभी पुलिस पदाधिकारी को विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वे सोमवार को पलामू समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय कक्ष में क्राइम मीटिंग कर रही थी। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक ने आठ प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महिला उत्पीड़न संबंधी शिकायतों का त्वरित निपटारा करने, पोस्को एक्ट के मामलों की सतर्कता से समीक्षा करने, पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए तेज कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा लंबित वारंट और कुर्की मामलों के शीघ्र निष्पादन करने, चार साल से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता से निष्पादित करने, पिछले माह में हुई हत्या, लूट, डकैती, महिला उत्पीड़न और साइबर फ्रॉड जैसे मामलों पर सख्त व समयबद्ध कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। उन्होंने जिले में नियमित सघन वाहन जांच, अवैध हथियार-नशीले पदार्थों की रोकथाम और संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाने, अपराध नियंत्रण के लिए इंटेलिजेंस-आधारित कार्रवाई, रात्रि गश्ती और हाई-क्राइम पॉइंट्स पर पेट्रोलिंग तेज करने का निर्देश दिया है। सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन और जन-जागरूकता अभियान चलाने, साइबर अपराध नियंत्रण के लिए विशेष टीम की सक्रियता बढ़ाने और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में जागरूकता का निर्देश दिया है। पासपोर्ट सत्यापन लंबित मामलों को भी जल्द पूरा करने का आदेश दिया गया। बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ व इंस्पेक्टर भी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




