जिला मुख्यालय से बाहर के विद्यार्थी बने 12वीं में टॉपर
झारखंड एकेडमिक काउंसिल की इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में पलामू जिले के विद्यार्थियों ने विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय में बेहतरीन प्रदर्शन किया। विज्ञान में फैजान आलम ने 483 अंक, कला में प्रियांशु कुमार ने 455 अंक, और वाणिज्य में आफरिन परबीन ने 466 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बने।

मेदिनीनगर, संवाददाता। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम में पलामू जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों संकाय-विज्ञान, कला और वाणिज्य में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। इस वर्ष का परिणाम पिछले साल की तुलना में अधिक बेहतर रहा है, जिससे शिक्षा व्यवस्था में सुधार के संकेत मिलते हैं। विज्ञान संकाय में आरके प्लस-2 स्कूल, पाटन के फैजान आलम ने 483 अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। सर्वोदय हाई स्कूल सतबरवा के छात्र ने 481 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। कुंवरबांध-पाटन, लालगढ़-विश्रामपुर और हुसैनाबाद के विद्यालयों के छात्रों ने भी टॉप टेन में जगह बनाकर जिले का मान बढ़ाया।
कला संकाय में आरके प्लस-2 हाई स्कूल हैदरनगर के प्रियांशु कुमार ने 455 अंक लाकर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पांकी, जपला, हुसैनाबाद और हरिहरगंज के छात्रों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टॉप टेन में स्थान बनाया, जिससे कला संकाय में भी प्रतिस्पर्धा का स्तर ऊंचा रहा। वाणिज्य संकाय में इस बार हुसैनाबाद का दबदबा देखने को मिला। आरके प्लस-2 गर्ल्स हाई स्कूल की आफरिन परबीन ने 466 अंक के साथ जिला टॉप किया। इसी विद्यालय की कई छात्राओं ने टॉप टेन में जगह बनाकर विद्यालय की उत्कृष्टता साबित की। पलामू जिले में हाल के वर्षो में प्रमंडलीय मुख्यालय सिटी मेदिनीनगर की तुलना में ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों के विद्यार्थी उत्कृष्ट सफलता हासिल कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


