
झारखंड में पलामू इंस्पायर अवार्ड नामांकन में पहले पायदान पर
मेदिनीनगर में इंस्पायर अवार्ड मानक 2025-26 के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। पलामू जिला झारखंड में 3500 से अधिक नामांकनों के साथ पहले स्थान पर है। पिछले पांच वर्षों से यह लगातार शीर्ष पर है। चयनित...
मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। इंस्पायर अवार्ड मानक 2025- 26 के लिए राष्ट्र स्तर पर नामांकन की प्रक्रिया जारी है। पलामू जिला पूरे झारखंड राज्य में 3500 से भी अधिक नामांकन के साथ पहले पायदान पर काबिज है। जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरव प्रकाश ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए बताया कि पलामू विगत पांच वर्षों से लगातार प्रथम स्थान पर बना हुआ है। इंस्पायर अवार्ड के सहायक जिला नोडल पदाधिकारी डॉ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पलामू संपूर्ण भारतवर्ष में 34 में पायदान पर है, जो झारखंड राज्य के लिए उपलब्धि है। पलामू झारखंड राज्य का एकमात्र जिला है जो एक से 50 के बीच अखिल भारतीय स्तर पर अपना स्थान बनाया है।

इंस्पायर मानक में प्रति विद्यालय से पांच-पांच छात्रों का चयन करते हुए नामांकन किया जाता है। चयनित प्रतिभागियों को 10 हजार रुपए सीधे उनके बैंक खाते में भारत सरकार के द्वारा प्रदान किया जाता है। इस प्रकार जिला,राज्य और अंत में इनका चयन राष्ट्र स्तर के लिए किया जाता है। अंतिम रूप से चयनित प्रतिभागी जापान भेजे जाते हैं इनकी संख्या 60 होती है। प्रोटोटाइप के पेटेंट के उपरांत प्रतिभागी लाखों रुपए तक प्राप्त कर सकते हैं। डीइओ और डीएसइ ने संयुक्त रूप से जिले के वर्ग छह से 12 तक संचालित सभी सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों से अनुरोध किया है कि 15 सितंबर 2025 के पूर्व अपने-अपने विद्यालय से नामांकन करना सुनिश्चित करें। पलामू जिले से चार विद्यार्थी का चयन पिछले माह बार्क मुंबई के लिए बाल विज्ञान प्रदर्शनी के लिए हुआ है। जिले के कुल 1346 विद्यालयों में से 836 विद्यालयों ने अपनी प्रतिभागिता सुनिश्चित करते हुए 3577 आइडिया का सबमिशन किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




