आज से चार जून तक चलेगा महावारी स्वच्छता जागरूकता अभियान

हिन्दुस्तान, पलामू
Follow us on Google News
share

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जिले में 28 मई से चार जून तक चलने वाला चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो कार्यक्रम को प्रभावी बनाने

आज से चार जून तक चलेगा महावारी स्वच्छता जागरूकता अभियान

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामू जिले में 28 मई से चार जून तक चलने वाला चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए बुधवार को एनआईसी सभागार से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्मय से बीडीओ एवं प्रखंड समन्वयकों के साथ बैठक की। उपायुक्त ने कहा कि माहवारी स्वच्छता दिवस केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान के रूप में चलाने की आवश्यकता है। उपायुक्त ने कहा कि आज भी राज्य में मात्र 52 प्रतिशत किशोरियां एवं महिलाएं ही सैनिटरी नैपकिन का उपयोग करती हैं, जो चिंताजनक स्थिति है।

ऐसे में समाज में जागरूकता बढ़ाकर इस आंकड़े में सुधार लाना हम सभी की जिम्मेदारी है। माहवारी स्वच्छता केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा, शिक्षा और सुरक्षित जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। उन्होंने सभी प्रखंडों में पंचायत एवं समुदाय स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। अभियान के तहत किशोरियों एवं महिलाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रबंधन, सैनिटरी नैपकिन के उपयोग तथा सुरक्षित निपटान के प्रति जागरूक किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार राज्य में अभी भी बड़ी संख्या में महिलाएं असुरक्षित साधनों का उपयोग करती हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं। अभियान के माध्यम से माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों एवं झिझक को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान के दौरान पंचायत एवं समुदाय स्तर पर छोटे समूहों में बैठक, प्रभातफेरी, शपथ ग्रहण, रेड डॉट चैलेंज, जागरूकता रैली तथा स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्वयं सहायता समूह, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से गांव-गांव में जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए निर्देश दिया। बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक आदि उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।