
बिरसा हरित ग्राम योजना के लक्ष्य के विरुद्ध हुई 71 प्रतिशत में बागवानी
पलामू में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 2800 एकड़ भूमि पर बागवानी का लक्ष्य था, जिसमें 1975 एकड़ भूमि पर बागवानी की गई है, जो कि 71 प्रतिशत है। इस योजना का लाभ मुख्य रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को दिया गया है।
मेदिनीनगर, राजेश सिन्हा। पलामू में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 2800 एकड़ भूमि पर बागवानी लगाने के लक्ष्य के विरूद्ध 1975 एकड़ टांड जमीन पर बागवानी लगाया गया है। यह करीब 71 प्रतिशत है। बागवानी योजना के तहत इमारती और फलदार पौधे लगाये गए हैं। दो लाख 21 हजार फलदार और एक लाख 58 हजार इमारती पौधे लगाये गए हैं। यह योजना मुख्य रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को इसका लाभ प्रदान किया गया है। मनरेगा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी उपेंद्र राम ने बताया कि इस वर्ष बागवानी के तहत फलदार पौधों में लाभुकों को अमरूद, आम, नींबू, और इमारती पौधों के विभिन्न किस्म उपलब्ध कराया गया था।

उन्होंने कहा कि कहीं-कहीं पर जमीन मामले में विवाद हो जाने के कारण वैसे जगहों पर बागवानी नहीं लगाया गया है। इस कारण लक्ष्य के विरूद्ध कम बागवानी लगाया गया है। अमरूद में ताइवन पिंक, आम में अम्रपाली, मल्लिका, नींबू में कागजी नींबू का किस्म लगाया गया है। वहीं इमारती पौधों में सागवान, शीशम, महोगनी, गम्हार का पौधा लगाया गया है। उन्होंने कहा कि लाभुकों को कंपोस्ट, दवा, पौधा आदि सभी नि:शुल्क उपलब्ध कराया गया है। पौधों के देखभाल लाभुक के साथ-साथ बागवानी सखी करेंगे। पौधों में किसी तरह की बीमारी न हो इस कारण सभी लाभुकों को दवा आदि भी उपलब्ध करा दिया गया है। पलामू जिले के विश्रामपुर प्रखंड के 52 एकड़ भूमि पर बागवानी लगाया गया है। इसी प्रकार छतरपुर में 150 एकड़, हैदरनगर में 76 एकड़, हुसैनाबाद में 154 एकड़, मनातू में 82 एकड़, मेदिनीनगर सदर में 68 एकड़, मोहम्मदगंज में 40 एकड़, नौडीहाबाजार में 126 एकड़, नावा बाजार में 115 एकड़, पांडू में 105 एकड़, पड़वा में 46 एकड़, पांकी में 224 एकड़, पाटन में 141 एकड़, रामगढ़ में 60 एकड़, सतबरवा में 49 एकड़, तरहसी में 90 एकड़, उंटारी रोड में 58 एकड़, नीलांबर-पीतांबरपुर में 105 एकड़, हरिहरगंज में 68 एकड़, पिपरा में 56 एकड़ और चैनपुर प्रखंड क्षेत्र में 110 एकड़ भूमि में बागवानी लगाया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




