छतरपुर के पूजा पंडालों से कलशयात्रा निकाल की गई विशेष पूजा
मेदिनीनगर में शारदीय नवरात्र के महाषष्टी और महासप्तमी पर कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने जल यात्रा में भाग लिया और मां दुर्गा की आराधना की। जल संरक्षण और प्रकृति की रक्षा के संकल्प के साथ कन्या...

मेदिनीनगर, हिन्दुस्तान टीम। शारदीय नवरात्र के महाषष्टी और महासप्तमी को कलशयात्रा निकालकर छतरपुर प्रखंड के विभिन्न पूजा पंडालों में विशेष पूजा की गई। पट खुलने के साथ माता जगदंबे की आराधना के लिए श्रद्धालुओं की कतारें सोमवार से लगने लगी है। रविवार को छतरपुर पूर्वी जिला पार्षद अमित कुमार जायसवाल और उनके पिता ट्री मैन ऑफ इंडिया डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने दर्जनों पूजा-पंडालों से निकाली गई जल यात्रा में शामिल हुए और कन्या पूजन कर शारदीय नवरात्र व्रत की महिमा को समझाने का प्रयास किया। श्रद्धालुओं को कलश प्रदान करने के साथ दोनों शोभायात्रा में विशेष रूप से शामिल हुए।
छतरपुर प्रखंड के रुदवा, केरकी कुटिया, बगैया, मुरूमदाग, विषयपुर, सहरसवा, हेंसला, सुंगरी, चराई, करमा बाजार सहित कई अन्य स्थानों के पूजा पंडाल से कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने पासवार्ती नदी से जल भरकर मां दुर्गा को अर्पित किया और जल संरक्षण, समाज व राष्ट्र के सशक्तिकरण का संकल्प लिया। डॉ. कौशल ने कहा कि जल यात्रा का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को जल संकट से बचाना है। नवरात्र में कन्या पूजन सृष्टि की रक्षा का प्रतीक है। पर्यावरण धर्म में वृक्ष देव की पूजा और पौधारोपण प्रकृति बचाने का विधान है। उन्होंने विभिन्न पंडालों में आम का पौधा समर्पित किया। जिला पार्षद अमित जायसवाल ने कहा कि नवरात्र शक्ति की उपासना का पर्व है। मां दुर्गा ने महिषासुर का वध कर धर्म की स्थापना की और भगवान राम ने भी दुर्गा आराधना कर रावण पर विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण का संकल्प भी आवश्यक है। कार्यक्रम में शंभू मिश्र, रविंद्र राम, व्यास चंदन, गोविंद प्रसाद, सचिन पांडेय, सुभाष गुप्ता, विजय पासवान, डॉ. आया राम उरांव समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




