Palamu News: मुसीखाप, भुखला व शेखडीहा गांव में जयकारे के बीच निकाली गई कलश यात्रा
Palamu News: विश्रामपुर क्षेत्र में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को विभिन्न पूजा पंडालों से भव्य कलश शोभायात्राएं निकाली गईं। मुसीखाप, भुखला और शेखडीहा के श्रद्धालुओं ने बाजे-गाजे और देवी गीतों के साथ हिस्सा लिया। नदी संगम से विधि-विधानपूर्वक जल लेकर कलश स्थापना की गई और नौ दिवसीय अनुष्ठान शुरू हुआ। भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, भोलेनाथ और मां काली की झांकियां आकर्षण रहीं।

Palamu News: विश्रामपुर, प्रतिनिधि। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को विश्रामपुर क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों से कलश शोभायात्रा निकाली गई। बाजे-गाजे, देवी गीतों और जयकारों के बीच सैकड़ों महिला-पुरुष और युवक-युवतियां रंग-बिरंगे परिधानों में माथे पर कलश लेकर शामिल हुए। कलश स्थापना के साथ नौ दिवसीय नवरात्र अनुष्ठान शुरू हो गया। पांडू प्रखंड के मुसीखाप व भुखला में तथा ऊंटारी प्रखंड के शेखडीहा गांव में पूजा पंडाल से उल्लास व श्रद्धा के साथ कलश यात्रा निकाली गई। पांडू प्रखंड के मुसीखाप में नव दुर्गा पूजा समिति मुसीखाप एवं भुखला के तत्वावधान में शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति अध्यक्ष छोटन शर्मा ने किया।
पंचायत समिति सदस्य प्रवेश साव और उपमुखिया सतबीर सिंह ने भगवा झंडा दिखाकर श्रद्धालुओं को धुरिया-झांझी नदी के संगम के लिए रवाना किया। वहां विधि-विधान से जलभरी के बाद श्रद्धालु दुर्गा मंडप पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई। शोभायात्रा में रथ पर सवार भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। भगवान भोलेनाथ और मां काली के तांडव की झांकियों ने भी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। आयोजन में समिति के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र विश्वकर्मा, सचिव हर्षु शर्मा, सह सचिव विष्णुलोक शर्मा, कोषाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, उपकोषाध्यक्ष जय गुरुदेव, महामंत्री राजेंद्र शर्मा, ललेश चंद्रवंशी, निराला प्रजापति, मिथलेश चंद्रवंशी, बसंत चंद्रवंशी, अशोक चंद्रवंशी, श्रवण शर्मा, सोनू शर्मा, पंकज शर्मा, प्रमोद विश्वकर्मा हरदीलाल आदि सक्रिय रहे।

