Palamu News: नो एंट्री के समय में बदलाव कराने का आग्रह
Palamu News: मेदिनीनगर में व्यवसायियों ने सांसद विष्णु दयाल राम को आवेदन देकर नो-एंट्री व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की। व्यवसायियों का कहना है कि इस व्यवस्था के कारण सामान मंगाने में कठिनाई हो रही है और व्यापार प्रभावित हो रहा है। वे चाहते हैं कि यातायात और व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु करने के लिए इसे सुधारा जाए।

Palamu News: मेदिनीनगर। शहर में लागू नो-एंट्री व्यवस्था से हो रही परेशानी को लेकर बुधवार को व्यवसायियों और दुकानदारों ने सांसद विष्णु दयाल राम को आवेदन सौंपकर आवश्यक पहल की मांग की। व्यवसायियों ने कहा कि नो-एंट्री के कारण सामान मंगाने और माल ढोने में कठिनाई हो रही है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। आवेदन में कहा गया कि साहित्य समाज चौक से बीसफुटा चौक और साहित्य समाज चौक से बैरिया चौक तक भारी ट्रैफिक लोड नहीं रहता। इसके बावजूद इन मार्गों पर नो-एंट्री लागू है। वहीं, पुलिस लाइन रोड का क्षेत्र इंडस्ट्रियल एरिया के अंतर्गत आता है, जहां बड़ी संख्या में मजदूर सुबह नौ बजे के बाद काम के लिए पहुंचते हैं।
इसी समय से नो-एंट्री लागू होने के कारण दुकानदारों को माल मंगाने में परेशानी होती है। व्यवसायियों ने सांसद से संबंधित क्षेत्र में नो-एंट्री व्यवस्था की समीक्षा कर राहत दिलाने का आग्रह किया, ताकि यातायात व्यवस्था के साथ व्यापारिक गतिविधियां भी सुचारु रूप से चल सकें।


