Palamu News: डिज्नीलैंड मेला सैरात की हुई 88.50 लाख रुपये में नीलामी
Palamu News: मेदिनीनगर में सावन माह के उपलक्ष्य में आयोजित डिज्नीलैंड मेले की नीलामी 88.50 लाख रुपये में हुई। पिछले वर्ष यह नीलामी 74.70 लाख रुपये में हुई थी। महापौर ने मेले में सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। मेले में स्थानीय लोग और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

Palamu News: मेदिनीनगर, संवाददाता। सावन माह के उपलक्ष्य में मेदिनीनगर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले महीने भर के डिज्नीलैंड मेले की सैरात इस वर्ष 88.50 लाख रुपये में गुरुवार को नीलाम हुई। पिछले वर्ष इसकी नीलामी 74.70 लाख रुपये में हुई थी। इस बार नगर निगम को लगभग 13.80 लाख रुपये अधिक राजस्व प्राप्त होगा। नीलामी प्रक्रिया महापौर अरुणा शंकर, उपमहापौर मनोज सिंह व नगर आयुक्त रंजीत लाल की देखरेख में हुई। डिज्नीलैंड मेला, मेदिनीनगर सिटी में कोयल नदी तट पर शिवाजी मैदान में लगाया जाता है। महापौर अरुणा शंकर ने बताया कि मेदिनीनगर का सावन मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का हिस्सा है।
सावन माह में लगने वाले इस महीनेभर के मेले में पलामू सहित आसपास के जिलों और ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। विशेषकर महिलाएं, बच्चे और युवा मेले का आनंद लेने आते हैं। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती का अनुरोध किया जाएगा, ताकि महिलाएं और परिवार सुरक्षित वातावरण में मेले का आनंद ले सकें। इसके अलावा मेले में एंबुलेंस, डॉक्टर, फर्स्ट एड की व्यवस्था तथा दमकल वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए भी प्रशासन से आग्रह किया जाएगा ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उप-महापौर मनोज सिंह ने मेले की सैरात लेने वाले संवेदक को निर्देश दिया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के लिए पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मेले का सफल और सुरक्षित आयोजन नगर निगम की प्राथमिकता है। नीलामी प्रक्रिया के दौरान नगर निगम के कई संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। नीलामी में भाग लेने के लिए तीन लोगों ने प्रक्रिया पूरी की थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


