बाल विवाह रोकने गए अधिकारी के काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में पांच नामजद सहित 40 से 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज
मेदिनीनगर के चैनपुर थाना क्षेत्र में बाल विवाह रोकने गए बीडीओ सह सीओ प्रदीप दास के काम में 40 से 50 लोगों ने बाधा डाली। मामला दर्ज कराया गया है जिसमें कुछ नामजद और अज्ञात लोग शामिल हैं। बाल संरक्षण इकाई को सूचना मिलने पर बीडीओ ने कार्रवाई की और नाबालिगों की शादी रोकने का निर्देश दिया।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। चैनपुर थाना क्षेत्र के तलैया बभंडी गांव के राधा कृष्ण मंदिर में गुरुवार को हो रहे बाल विवाह को रोकने गए बीडीओ सह सीओ के काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में चैनपुर बीडीओ सह सीओ प्रदीप दास ने पांच नामजद सहित 40 से 50 अज्ञात लोगों के विरुद्ध चैनपुर थाना में मामला दर्ज कराया है। चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि चैनपुर बीडीओ सह सीओ द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में मामला दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। दिए गए आवेदन के अनुसार चैनपुर थाना क्षेत्र के निरावत कुमार,संजय चौरसिया, रूपा देवी, राहुल कुमार पाठक, अजीत चौरसिया सहित 40 से 50 अन्य लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया है।
ज्ञात हो कि चैनपुर थाना क्षेत्र के तलैया बभंडी स्थित राधा कृष्ण मंदिर में गुरुवार को दो नाबालिग जोड़ों की शादी कराए जाने की सूचना जिला बाल संरक्षण इकाई को मिली थी। बाद में मामले की जानकारी चैनपुर थाना और बीडीओ को दी गई। सूचना मिलते ही चैनपुर बीडीओ प्रदीप कुमार दास पुलिस टीम के साथ मंदिर पहुंचे और दोनों पक्षों से लड़का-लड़की के आधार कार्ड की मांग की आधार कार्ड मांगते ही दोनों पक्षों के लोग विरोध करने लगे बाद में प्रशासन की टीम ने नाबालिग होने की आशंका जताते हुए शादी रोकने का निर्देश दिया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगा और पुलिस प्रशासन द्वारा नाबालिगों को रेस्क्यू कर वाहन में बैठाये गए लोगों को छुड़ाकर भगा दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


