मेदिनीनगर के सात केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए 3504 परीक्षार्थी, 641 रहे अनुपस्थित
मेदिनीनगर में झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद के तहत बीएड, एमएड और बीपीएड परीक्षा का आयोजन हुआ। परीक्षा सुबह 10:30 से 12:30 बजे तक हुई। 4145 परीक्षार्थियों में से 3504 ने परीक्षा दी। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त रही।

मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद-रांची के तत्वावधान में रविवार को पलामू जिला मुख्यालय सिटी मेदिनीनगर के सात परीक्षा केंद्रों पर बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 का आयोजन किया गया।
परीक्षा की प्रक्रिया
प्रवेश परीक्षा सीसीटीवी और वीक्षकों के निगरानी में ली गई। परीक्षा सुबह साढ़े 10 बजे शुरू हुई और दोपहर साढ़े 12 बजे समाप्त हुई। परीक्षार्थी सुबह साढ़े सात बजे से ही अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू कर दिए थे। आठ बजे से परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश शुरू हो गया था। ठीक सवा 10 बजे परीक्षार्थियों के परीक्षा केंद्र के अंदर इंट्री के बाद मेन गेट को बंद कर दिया गया था। हालांकि एक-दो परीक्षा केंद्र पर करीब 15-20 परीक्षार्थियों को निर्धारित समय सीमा के बाद पहुंचने के बाद उन्हें इंट्री नहीं दी गई। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नेतृत्व में प्रशासनिक पदाधिकारियों की टीम परीक्षा पर विशेष निगरानी बनाए रखी।
परीक्षार्थियों की उपस्थिति
पलामू जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय से शुरू हुई और निर्धारित समय पर समाप्त हुई। सभी केंद्रों पर कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा हुई। सात परीक्षा केंद्रों 4145 परीक्षार्थियों में 3504 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 641 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। एमके डीएवी परीक्षा केंद्र पर 833 परीक्षार्थियों में 699 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए,जबकि 134 परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (जिला स्कूल) परीक्षा केंद्र पर 744 परीक्षार्थियों में 631 उपस्थित, 113 परीक्षार्थी अनुपस्थित, विमला पांडेय मेमोरियल ज्ञान निकेतन परीक्षा केंद्र पर 720 परीक्षार्थियों में 608 परीक्षार्थी उपस्थित, 112 परीक्षार्थी अनुपस्थित, ब्राइट लैंड परीक्षा केंद्र पर 528 में 458 उपस्थित, 70 अनुपस्थित, गिरिविर प्लस-2 हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर 504 में 424 उपस्थित, 80 अनुपस्थित, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (केजी स्कूल) परीक्षा केंद्र पर 480 में 401 उपस्थित 79 अनुपस्थित और योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज परीक्षा केंद्र पर 336 परीक्षार्थियों में 283 उपस्थित और 53 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शिक्षक अमिताभ कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र वाले स्कूल में पदस्थापित सभी शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है जिसके आलोक में वे लोग परीक्षा से पूर्व विद्यालय पहुंच गए हैं।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


