
गढ़वा निवासी आईटीबीपी कमांडेंट को मिला सर्वश्रेष्ठ नक्सल विरोधी बटालियन ट्रॉफी
झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी और आईटीबीपी के कमांडेंट विवेक कुमार पांडेय को छत्तीसगढ़ में असाधारण ऑपरेशनल कार्य और सामुदायिक सेवा के लिए सर्वश्रेष्ठ नक्सल विरोधी बटालियन ट्रॉफी से सम्मानित किया गया है। उनके परिवार और गांव के लोग इस उपलब्धि से प्रोत्साहित हैं।
मेदिनीनगर, संवाददाता। झारखंड के गढ़वा जिले के निवासी और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के कमांडेंट विवेक कुमार पांडेय को छत्तीसगढ़ में असाधारण ऑपरेशनल कार्य और क्षेत्र में व्यापक सामुदायिक सेवा के लिए प्रतिष्ठित सर्वश्रेष्ठ नक्सल विरोधी बटालियन ट्रॉफी से सम्मानित किया गया है। पलामू जिला मुख्यालय सिटी मेदिनीनगर के जोड़ स्थित उनके रिश्तेदार सहित उनके निकट संबंध वाले भी इससे प्रोत्साहित हैं और उन्हे बधाई संदेश प्रेषित किया है। पलामू सिविल कोर्ट के अधिवक्ता सतीश कुमार मिश्रा ने बताया कि विवेक कुमार पांडेय उनके निकट रिश्तेदार हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरा परिवार के अलावा गांव और समाज के लोग भी काफी प्रोत्साहित हैं।

भारत की सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों में जाने के लिए प्रयासरत युवाओं को उनसे काफी प्रेरणा मिली है। साथ ही देश की सेवा में विभिन्न स्थानों पर कार्यरत निकट रिश्तेदारों को भी अपना दायित्व अत्यंत बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा मिली है। 27वीं बटालियन के कमांडेंट विवेक कुमार पांडेय की छत्तीसगढ़ के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र में तैनाती है। आईटीबीपी के डीजी प्रवीण कुमार ने बल के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले महानिदेशक परेड के दौरान उक्त सम्मान प्रदान किया है। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक ने यूनिट के उत्कृष्ट अभियान कौशल और प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में भी अत्यंत ओजस्वी तरीके से काम करते रहने के लिए प्रेरित किया। कमांडेंट विवेक कुमार पांडेय, पत्रकारिता और इतिहास में पोस्ट ग्रेजुएट हैं, और वर्ष 2003 से आईटीबीपी में सेवारत हैं। भारत-चीन सीमा, जम्मू कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश, असम, उत्तराखंड, नई दिल्ली में बल के जन संपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) के रूप में उन्होंने बड़ दायित्व को निभाया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




