अंतरराज्यीय चेकपोस्ट का एसडीएम ने किया निरीक्षण
छतरपुर के एसडीएम प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु लाल ने हरिहरगंज थाना के पास अंतर-राज्यीय चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों की जांच करते हुए वाहनों की सख्त जांच का निर्देश दिया। चुनाव प्रचार के दौरान डीजे बजाने वाले प्रत्याशियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया। पुलिस ने 97 वारंटियों को गिरफ्तार करने का लक्ष्य रखा है।

हरिहरगंज, प्रतिनिधि। नगरपालिका आम चुनाव-2026 को लेकर छतरपुर के एसडीएम प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु लाल ने सोमवार को हरिहरगंज थाना के पास बने अंतर-राज्यीय चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों का भी औचक निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने चेकपोस्ट पर सख्ती से वाहनों की जांच करने का निर्देश आन ड्यूटी पदाधिकारियों को दिया। वाहनों में पैसा, हथियार आदि ले जाने की आशंका को देखते हुए उन्होंने गहन जांच करने का निर्देश दिया। एसडीएम ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव प्रचार वाहनों में डीजे बजाने वाले प्रत्याशियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। दूसरी तरफ नगरपालिका आम चुनाव को लेकर पुलिस निरीक्षक सह हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने कार्यालय कक्ष में पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर फरार चल रहे वारंटियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि चुनाव को लेकर 97 लोगों पर बीएनएसएस की धारा 126 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अपराधी शुभम सिंह को जिला बदर करने के लिए जिला मुख्यालय में रिपोर्ट भेजी गई है। थाना में आर्म्स भी जमा किया जा रहा है, अभी तक थाना क्षेत्र में निर्गत 37 आर्म्स में 18 आर्म्स लाइसेंसधारियों ने थाना में जमा किया है। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने को लेकर शहर के होटलों में रोजाना छापामारी चल रही है। होटलों में शराब पीने वाले लोगों पर कार्रवाई चल रही है एवं अवैध महुआ शराब के खिलाफ भी रोजाना कार्रवाई की जा रही है। बैठक में एसआई संतोष कुमार, एसआई राकेश कुमार सिंह एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। फोटो--हरिहरगंज अंतर-राज्यीय चेकपोस्ट पर सोमवार को पदाधिकारियों से पूछताछ करते छतरपुर के एसडीएम हिमांशु लाल

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




