Palamu News: तनाव छोड़ें, सक्रिय रहें और नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं : सिविल सर्जन
Palamu News: अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों को स्वस्थ रहने के लिए खान-पान में बदलाव और मानसिक शांति बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने व्यायाम और नियमित स्वास्थ्य जांच पर जोर दिया, साथ ही सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला।

Palamu News: मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को अपने टीम के साथ मेदिनीनगर के बैरिया चौक स्थित वृद्ध आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को स्वस्थ, सक्रिय और खुशहाल जीवन के लिए खान-पान और दिनचर्या में जरूरी बदलाव करने की सलाह दिया। उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ स्वास्थ्य के प्रति अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। वृद्ध जनों को कहा कि नमक, चीनी, मैदा और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों का सेवन कम करना चाहिए। सिविल सर्जन ने बताया कि अनावश्यक बहस और बेवजह के विवाद से भी दूरी बनाए रखना मानसिक शांति के लिए बेहद आवश्यक है।
भोजन में हरी सब्जियां, दाल आदि को शामिल करें । डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने तथा अच्छे विचारों को अपनाने से जीवन में खुशहाली बनी रहती है। घर को साफ-सुथरा और शांतिपूर्ण रखने के साथ आने वाले समय की जरूरतों के लिए सकारात्मक सोच रखें। उन्होंने नियमित व्यायाम करने और वजन को नियंत्रित रखने की सलाह दिया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पानी पीना, थकान से पहले आराम करना और बीमारी का इंतजार किए बिना समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना जरूरी है। सिविल सर्जन ने वरिष्ठ नागरिकों से लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने से बचने और दिनचर्या में शारीरिक सक्रियता बनाए रखने की अपील किया। वृद्ध जनों से संवाद के बाद सिविल सर्जन ने सभी को उपहार देकर उज्जवल भविष्य की कामना किया। मौके पर डीपीएम देवेंद्र भूषण श्रीवास्तव, डीआरसीएचओ एस के रवि, नितिन सहाय आदि उपस्थित रहे।

