कड़े मुकाबले के बीच पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा की बहू बनी अध्यक्ष
विश्रामपुर नगर परिषद के निकाय चुनाव में गीता देवी ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की। वह पहले दो राउंड में पीछे रहीं, लेकिन तीसरे राउंड में उन्होंने जबरदस्त बढ़त बनाई। गीता देवी को 3071 मत मिले, जबकि उनके पति संजय बैठा वार्ड 18 से पार्षद चुनाव हार गए। इस परिणाम ने स्थानीय राजनीति में नई चर्चाएं शुरू की हैं।

विश्रामपुर, प्रतिनिधि। पलामू जिले के विश्रामपुर नगर परिषद के 23 फरवरी को हुए निकाय चुनाव की मतगणना शुक्रवार को तीन राउंड में पूरी हुई। कड़े मुकाबले के बीच पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा की बहू गीता देवी ने अध्यक्ष पद पर शानदार जीत दर्ज की। शुक्रवार रात लगभग 8 बजे निर्वाची पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू ने गीता देवी को अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया। मतगणना के पहले और दूसरे राउंड में गीता देवी लगातार पिछड़ती रही और पांचवें स्थान के आसपास बनी हुई थीं। तीसरे और अंतिम राउंड में उन्होंने अप्रत्याशित छलांग लगाते हुए नगर परिषद मुख्यालय क्षेत्र के वार्ड 15 से 20 तक भारी बढ़त बना ली।
इसके बाद हुई रिकाउंटिंग में भी परिणाम उनके पक्ष में रहा और आरओ ने उन्हें अंतिम रूप से विजयी घोषित किया। अंतिम परिणाम के अनुसार गीता देवी को 3071 मत प्राप्त हुए। तारा खातून को 2946 मत, चंद्रावती देवी को 2666 मत प्राप्त हुए। चुनाव का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने वाली गीता देवी के पति संजय बैठा को वार्ड 18 से पार्षद चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें रामप्रवेश राम ने पराजित किया। संजय लगातार दूसरी बार जीत दर्ज नहीं कर पाए। नगर परिषद चुनाव के इस अप्रत्याशित परिणाम ने विश्रामपुर की स्थानीय राजनीति में नई चर्चा और सियासी समीकरणों को जन्म दे दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



